प्रताप विहार में तीन मंजिला मकान में लगी भीषण आग, दमकल विभाग ने ढाई घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

प्रताप विहार इलाके के सेक्टर-11 जी ब्लॉक स्थित मकान संख्या G-251 में गुरुवार तड़के भीषण आग लग गई। हादसे में घर का सारा सामान जलकर राख हो गया, हालांकि गनीमत यह रही कि समय रहते घर में मौजूद सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। दमकल विभाग की टीम ने करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।

प्रताप विहार में तीन मंजिला मकान में लगी भीषण आग, दमकल विभाग ने ढाई घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

तेजस न्यूज संवाददाता

प्रताप विहार में तीन मंजिला मकान में लगी भीषण आग, दमकल विभाग ने ढाई घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

(शादी का सारा सामान जलकर राख, दिवाली की लड़ी से हुआ हादसा)

गाज़ियाबाद। प्रताप विहार इलाके के सेक्टर-11 जी ब्लॉक स्थित मकान संख्या G-251 में गुरुवार तड़के भीषण आग लग गई। हादसे में घर का सारा सामान जलकर राख हो गया, हालांकि गनीमत यह रही कि समय रहते घर में मौजूद सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। दमकल विभाग की टीम ने करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।

जानकारी के अनुसार, यह मकान रमेश भदौरिया पुत्र श्री पुत्तू भदौरिया का है, जो अपने परिवार के साथ यहीं निवास करते हैं। दिवाली के अवसर पर घर को सजाने के लिए उन्होंने बिजली की लड़ी लगाई थी, जो रातभर जलती रही। बताया गया कि गुरुवार सुबह करीब 5:30 बजे लड़ी में बिजली का फॉल्ट होने से ग्राउंड फ्लोर पर आग लग गई। देखते ही देखते लपटों ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।

स्थानीय लोगों ने शुरुआती दौर में आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी विकराल हो गई कि तीनों मंजिलें इसकी चपेट में आ गईं। तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही फायर ऑफिसर शेषनाथ यादव के नेतृत्व में चार फायर टेंडर मौके पर पहुंचे। दमकलकर्मियों ने चारों ओर से आग पर काबू पाने की रणनीति बनाई और करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाने में सफलता हासिल की। दमकल विभाग की तत्परता से पास के मकान और फ्लैट आग की चपेट में आने से बच गए।

घर के सदस्य रमेश भदौरिया ने बताया कि हाल ही में उनकी बिटिया की शादी तय हुई थी, और शादी के लिए रखा गया सारा दहेज का सामान भी आग में जलकर राख हो गया।

चीफ फायर ऑफिसर राहुल पाल ने बताया कि विभाग को सूचना मिलते ही टीम को तत्काल रवाना किया गया था। उन्होंने बताया कि आग इतनी तेज थी कि ग्राउंड फ्लोर और पहली मंजिल का पूरा सामान नष्ट हो गया, लेकिन दूसरी और तीसरी मंजिल के पीछे के कमरों को बचा लिया गया।

प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण बिजली की लड़ी में शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।