पत्रकारों का सम्मान और पेंशन दान नहीं, अधिकार : उपज

उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट्स (उपज) की प्रांतीय कार्यकारिणी की बैठक विधायक निवास-2, दारुलशफा स्थित कॉमन हॉल में आयोजित हुई। बैठक में प्रदेशभर से आए पत्रकारों ने पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और 60 वर्ष की आयु के बाद पेंशन योजना लागू किए जाने की मांग को प्रमुखता से उठाया।

पत्रकारों का सम्मान और पेंशन दान नहीं, अधिकार : उपज

तेजस न्यूज संवाददाता 

पत्रकारों का सम्मान और पेंशन दान नहीं, अधिकार : उपज

लखनऊ। उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट्स (उपज) की प्रांतीय कार्यकारिणी की बैठक विधायक निवास-2, दारुलशफा स्थित कॉमन हॉल में आयोजित हुई। बैठक में प्रदेशभर से आए पत्रकारों ने पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और 60 वर्ष की आयु के बाद पेंशन योजना लागू किए जाने की मांग को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान संगठन के संस्थापक महामंत्री स्व. राधेश्याम लाल कर्ण के योगदान को भी याद किया गया।

बैठक में उपज अध्यक्ष सर्वेश कुमार सिंह, महासचिव आनंद लाल कर्ण, नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (NUJ) के राष्ट्रीय महामंत्री त्रिवेणी नारायण तिवारी, NUJ(I) के पूर्व अध्यक्ष अशोक मलिक और एपीएन न्यूज के वरिष्ठ संपादक डॉ. प्रसून शुक्ला सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। मुख्य अतिथि के रूप में जेडीयू (एस) के प्रदेश अध्यक्ष ओंकार सिंह ने हिस्सा लिया।

वरिष्ठ संपादक डॉ. प्रसून शुक्ला ने पत्रकारों की पेंशन के मुद्दे पर कहा कि पांच वर्ष का कार्यकाल पूरा करने वाले सांसद को पेंशन मिल सकती है, तो पूरी जिंदगी समाज और लोकतंत्र के लिए काम करने वाले पत्रकारों को 60 वर्ष की आयु के बाद सम्मानजनक पेंशन क्यों नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पेंशन की मांग किसी दान या भीख की मांग नहीं, बल्कि पत्रकारों का अधिकार है।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि जिलों, तहसीलों, कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों में काम करने वाले पत्रकार पत्रकारिता की वास्तविक रीढ़ हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद वे सामाजिक समस्याओं, भ्रष्टाचार और अन्याय को सामने लाने का काम करते हैं। ऐसे पत्रकारों की सुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था जरूरी है।

बैठक में 60 वर्ष की आयु के बाद मान्यता प्राप्त और गैर-मान्यता प्राप्त जमीनी पत्रकारों के लिए पेंशन योजना लागू करने, पत्रकार सुरक्षा कानून बनाने, ड्यूटी के दौरान उत्पीड़न,हमले और फर्जी मुकदमों पर सख्त कार्रवाई तथा दिवंगत एवं वृद्ध पत्रकारों के आश्रितों के लिए विशेष आर्थिक सहायता कोष गठित करने की मांग की गई।

उपज के प्रदेश अध्यक्ष सर्वेश कुमार सिंह ने कहा कि पत्रकारों के अधिकार और स्वाभिमान की लड़ाई संगठन प्रदेश से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक मजबूती से जारी रखेगा। बैठक में बड़ी संख्या में पत्रकार, पदाधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।