गाजियाबाद आरटीओ कार्यालय में लगा परिवर्तन मेला, पुराने वाहनों को स्क्रैप कराने से लेकर नए वाहन खरीदने तक की मिली जानकारी

गाजियाबाद में 19 नवंबर को परिवर्तन मेले का आयोजन किया गया। मेले में वाहन स्वामियों, ट्रांसपोर्टरों और परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों को पुराने वाहनों की स्क्रैपिंग से लेकर नए वाहन खरीदने तक की प्रक्रिया और उससे संबंधित सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

गाजियाबाद आरटीओ कार्यालय में लगा परिवर्तन मेला, पुराने वाहनों को स्क्रैप कराने से लेकर नए वाहन खरीदने तक की मिली जानकारी

तेजस चौहान 

संभागीय परिवहन कार्यालय

गाजियाबाद में परिवर्तन मेले का

आयोजन

स्क्रैपिंग योजना, प्रोत्साहन राशि और बैंक ऋण सुविधाओं के प्रति वाहन स्वामियों को किया जागरूक, एक मंच पर जुटे वाहन डीलर, बैंक और स्क्रैपिंग सेंटर

गाजियाबाद। संभागीय परिवहन कार्यालय, गाजियाबाद में 19 नवंबर को परिवर्तन मेले का आयोजन किया गया। मेले में वाहन स्वामियों, ट्रांसपोर्टरों और परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों को पुराने वाहनों की स्क्रैपिंग से लेकर नए वाहन खरीदने तक की प्रक्रिया और उससे संबंधित सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

मेले का मुख्य उद्देश्य वाहन स्वामियों को परिवहन विभाग की योजनाओं, वाहन स्क्रैपिंग नीति और नई तकनीक वाले वाहनों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें विभिन्न सुविधाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना रहा।

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) अशोक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि परिवर्तन मेले के माध्यम से परिवहन क्षेत्र से जुड़े सभी हितधारकों को एक मंच पर लाने का प्रयास किया गया है, ताकि आमजन और वाहन व्यवसायियों को सरकारी योजनाओं एवं शासन की नीतियों की सही जानकारी मिल सके।

मेले में जनपद के पंजीकृत वाहन स्क्रैपिंग केंद्र (आरवीएसएफ), वाहन निर्माता कंपनियों के अधिकृत डीलर, विभिन्न बैंक, वित्तीय संस्थान और परिवहन क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। यहां वाहन स्वामियों को पुराने वाहनों को अधिकृत स्क्रैपिंग केंद्रों पर जमा कराने की प्रक्रिया, स्क्रैपिंग के बदले मिलने वाले प्रोत्साहन और नया वाहन खरीदने पर उपलब्ध संभावित लाभों की जानकारी दी गई।

वहीं, वाहन निर्माता कंपनियों के अधिकृत डीलरों ने नए वाहनों के विभिन्न मॉडल, आधुनिक तकनीक, सुरक्षा मानकों और पर्यावरण के अनुकूल वाहनों की खूबियों से लोगों को अवगत कराया। दूसरी ओर बैंक एवं वित्तीय संस्थानों के प्रतिनिधियों ने वाहन खरीदने के लिए उपलब्ध ऋण योजनाओं, ब्याज दरों, फाइनेंस सुविधाओं और ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया।

परिवर्तन मेले में लोगों को यह समझाने का प्रयास किया गया कि पुराने वाहनों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत स्क्रैप कराकर नए और आधुनिक वाहनों की ओर बढ़ना परिवहन व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। मेले के माध्यम से वाहन स्वामियों को स्क्रैपिंग, नए वाहन की खरीद और वित्तीय सुविधाओं से जुड़ी जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गई।