गाजियाबाद में पुलिस और दो वांछित आरोपियों के बीच मुठभेड़, दोनों के पैर में लगी गोली

विजयनगर थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और दो वांछित आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, जवाबी फायरिंग में दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी।

गाजियाबाद में पुलिस और दो वांछित आरोपियों के बीच मुठभेड़, दोनों के पैर में लगी गोली

तेजस न्यूज संवाददाता 

रेप के मुकदमे में वांछित थे आरोपी, पुलिस ने दो अवैध तमंचे और बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद की

गाजियाबाद। विजयनगर थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और दो वांछित आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, जवाबी फायरिंग में दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी। घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

 सहायक पुलिस आयुक्त पांडेय ने बताया कि रेप के मुकदमे में वांछित दोनों आरोपी शालीमार नगर स्थित जल निगम प्लांट के पास दिखाई दिए थे। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने फ्रेग्रेन्स सोसाइटी के पास बैरियर लगाकर चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वे बाइक मोड़कर भागने लगे। रास्ता उबड़-खाबड़ होने के कारण उनकी बाइक असंतुलित होकर गिर गई।

पुलिस का कहना है कि बाइक गिरने के बाद दोनों आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।वहीं दूसरी तरफ पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान दोनों के पैरों में गोली लगी । इसके बाद पुलिस ने दोनों को पकड़कर अस्पताल पहुंचाया। जहां पर उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

पुलिस ने आरोपियों की पहचान मुस्तकीम निवासी चमन कॉलोनी और प्रदीप निवासी सिद्धार्थ विहार के रूप में की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की एक बाइक और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।