40 साल तीन महीने पुलिस सेवा के बाद प्रताप विहार पहुंचे राजेश परमार, ढोल-नगाड़ों के साथ हुआ भव्य स्वागत

सेवानिवृत्त हुए उपनिरीक्षक राजेश परमार का गाजियाबाद के प्रताप विहार पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया।

40 साल तीन महीने पुलिस सेवा के बाद प्रताप विहार पहुंचे राजेश परमार, ढोल-नगाड़ों के साथ हुआ भव्य स्वागत

तेजस न्यूज संवाददाता 

सेवानिवृत्ति के बाद घर लौटने पर परिजनों और शुभचिंतकों ने पगड़ी पहनाकर किया सम्मानित, स्वागत जुलूस निकालकर आवास तक लेकर पहुंचे लोग

गाजियाबाद।

उत्तर प्रदेश पुलिस में चार दशक से अधिक समय तक कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्त हुए उपनिरीक्षक राजेश परमार का 6 नवंबर को गाजियाबाद के प्रताप विहार पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया।

लीलावती चौक पर परिजनों, मित्रों और शुभचिंतकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका भव्य अभिनंदन किया। इस दौरान उन्हें पगड़ी पहनाकर, फूल-मालाएं और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके बाद ढोल-नगाड़ों के बीच स्वागत जुलूस निकालकर उन्हें सम्मानपूर्वक उनके आवास तक पहुंचाया गया।

मूल रूप से गांव रामपुरा रत्न, थाना फरीदपुर, जिला बरेली के निवासी राजेश परमार 1 अगस्त 1986 को उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल के पद पर भर्ती हुए थे। अपने लंबे सेवाकाल के दौरान उन्होंने मेहनत, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के बल पर विभाग में पदोन्नति प्राप्त की। वर्ष 2011 में उन्हें हेड कांस्टेबल (एचसीपी) तथा वर्ष 2016 में उपनिरीक्षक (दरोगा) के पद पर पदोन्नत किया गया।

अपने 40 वर्ष तीन महीने के सेवाकाल में राजेश परमार ने इलाहाबाद, प्रतापगढ़, गाजियाबाद, नोएडा और गोरखपुर सहित उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में पुलिस विभाग की जिम्मेदारियां निभाईं। सेवानिवृत्ति से पूर्व वह गोरखपुर स्थित एम्स थाना में तैनात थे। 31 अक्टूबर 2026 को वह पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त हुए।

पुलिस सेवा के दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सेवा को अपने दायित्व का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया। सेवानिवृत्ति के बाद उनका परिवार के बीच लौटना परिजनों और शुभचिंतकों के लिए खुशी का अवसर बन गया।

प्रताप विहार में हुए भव्य स्वागत के दौरान लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। ढोल-नगाड़ों की गूंज, फूल-मालाओं और सम्मान समारोह के बीच निकला जुलूस राजेश परमार के प्रति लोगों के सम्मान और आत्मीयता का प्रतीक बना।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने उनके लंबे पुलिस सेवाकाल की सराहना करते हुए सुखद, स्वस्थ और खुशहाल सेवानिवृत्त जीवन की शुभकामनाएं दीं।