एक लाख रुपये का इनामी बदमाश धर्मेंद्र उर्फ टिड्डी पुलिस मुठभेड़ में ढेर

गाजियाबाद क्राइम ब्रांच की ऑपरेशन टीम ने निवाड़ी थाना क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान एक लाख रुपये के इनामी बदमाश धर्मेंद्र उर्फ टिड्डी उर्फ टिड्डी पुत्र इंद्रपाल को मार गिराया। बदमाश पर गाजियाबाद के मसूरी थाना और बागपत के खेकड़ा थाना क्षेत्र में दर्ज मामलों के संबंध में दोनों जनपदों से 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। मुठभेड़ में तीन पुलिसकर्मी भी घायल हुए, जबकि बदमाश के दो साथी मौके से फरार हो गए।

एक लाख रुपये का इनामी बदमाश धर्मेंद्र उर्फ टिड्डी पुलिस मुठभेड़ में ढेर

तेजस न्यूज संवाददाता 

एक लाख रुपये का इनामी बदमाश धर्मेंद्र उर्फ टिड्डी पुलिस मुठभेड़ में ढेर

गाजियाबाद क्राइम ब्रांच की कार्रवाई में बदमाश की मौत, तीन पुलिसकर्मी घायल; बागपत और गाजियाबाद से घोषित था 50-50 हजार रुपये का इनाम

गाजियाबाद। गाजियाबाद क्राइम ब्रांच की ऑपरेशन टीम ने बुधवार 28 अक्टूबर को निवाड़ी थाना क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान एक लाख रुपये के इनामी बदमाश धर्मेंद्र उर्फ टिड्डी उर्फ टिड्डी पुत्र इंद्रपाल को मार गिराया। बदमाश पर गाजियाबाद के मसूरी थाना और बागपत के खेकड़ा थाना क्षेत्र में दर्ज मामलों के संबंध में दोनों जनपदों से 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। मुठभेड़ में तीन पुलिसकर्मी भी घायल हुए, जबकि बदमाश के दो साथी मौके से फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार, क्राइम ब्रांच की ऑपरेशन टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि धर्मेंद्र अपने साथियों के साथ निवाड़ी क्षेत्र में गंगनहर पटरी के रास्ते से गुजरने वाला है। सूचना पर टीम ने गंगनहर पटरी पर मेरठ जाने वाले मार्ग के सामने घेराबंदी कर दी। शाम करीब छह बजे गाजियाबाद की ओर से एक बाइक पर तीन व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो बाइक सवार तेजी से मुड़कर गंगनहर पटरी पर मेरठ की ओर भागने लगे।

पुलिस के मुताबिक, कुछ दूर आगे बदमाशों ने बाइक कच्चे रास्ते की ओर मोड़ दी। तेज रफ्तार के कारण बाइक फिसलकर गिर गई। इसके बाद बदमाशों ने बाइक छोड़कर पेड़ों की आड़ से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस की आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में एक बदमाश भी घायल हो गया, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए।

घायल पुलिसकर्मियों की पहचान हेड कांस्टेबल अमित कुमार, हेड कांस्टेबल विनीत कुमार और हेड कांस्टेबल हिमांशु मलिक के रूप में हुई है। बदमाशों की गोलीबारी में हेड कांस्टेबल प्रदीप कुमार और हेड कांस्टेबल वरुण वीर सिंह की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोलियां लगीं। क्राइम ब्रांच ऑपरेशन टीम के प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार के कान के पास से भी गोली गुजरने की जानकारी पुलिस ने दी।

घायल बदमाश और पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए तत्काल नजदीकी सीएचसी मुरादनगर भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद बदमाश को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

चोरी, लूट और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे

पुलिस के अनुसार, मृत बदमाश की पहचान धर्मेंद्र उर्फ टिड्डी उर्फ टिड्डी, निवासी 54 बीघा गोपाल फार्महाउस, निठौरा रोड, थाना लोनी, गाजियाबाद के रूप में हुई है। उसका मूल निवास ग्राम बुरावली, थाना आदमपुर, जनपद अमरोहा बताया गया है।

धर्मेंद्र का नाम बागपत के खेकड़ा थाना क्षेत्र में 8 नवंबर 2024 को हुई घर में घुसकर चोरी की घटना में सामने आया था। इस मामले में मुकदमा संख्या 388/2024 दर्ज किया गया था। इसके अलावा 27 जून 2025 को खेकड़ा क्षेत्र में हुई एक अन्य चोरी की घटना में भी उसका नाम प्रकाश में आया था। इस संबंध में मुकदमा संख्या 202/2025 दर्ज किया गया था।

गाजियाबाद के मसूरी थाना क्षेत्र में 29 जून 2025 को एक वादी के घर में लूट की नीयत से घुसकर मारपीट और चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में भी धर्मेंद्र का नाम सामने आया था। इस संबंध में मुकदमा संख्या 191/2025 दर्ज किया गया था।

पुलिस के मुताबिक, धर्मेंद्र पर उपरोक्त मामलों के अलावा लूट, डकैती और गैंगस्टर एक्ट समेत 15 अन्य आपराधिक मुकदमे भी दर्ज थे। मेरठ परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक स्तर से उसके संबंध में 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इसके अतिरिक्त गाजियाबाद पुलिस की ओर से भी 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

वर्ष 2019 में भी पुलिस मुठभेड़ में हुआ था घायल

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वर्ष 2019 में भी धर्मेंद्र पर शामली से 15 हजार रुपये और गाजियाबाद से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित हुआ था। उस समय भी पुलिस मुठभेड़ के दौरान उसे गिरफ्तार किया गया था और उसके पैर में गोली लगी थी।

लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने क्राइम ब्रांच को उसकी गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। बुधवार को निवाड़ी थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में वह मारा गया। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।