तीन स्वर्ण पदक जीतकर वैष्णवी यादव बनीं सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, बागपत का बढ़ाया मान

प्रतिभा और मेहनत के दम पर खेकड़ा की बेटी वैष्णवी यादव ने खेल के मैदान में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण पदक जीत लिए। लखनऊ में आयोजित उत्तर प्रदेश पुलिस परिवार की खेल प्रतियोगिता में वैष्णवी ने जैवलिन थ्रो, गोला फेंक और लंबी कूद में स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके साथ ही उन्हें 15 वर्ष तक की बालिका वर्ग में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी (बेस्ट एथलीट गर्ल) के खिताब से भी नवाजा गया। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय और क्षेत्र में खुशी की लहर है।

तीन स्वर्ण पदक जीतकर वैष्णवी यादव बनीं सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, बागपत का बढ़ाया मान

तीन स्वर्ण पदक जीतकर वैष्णवी यादव बनीं सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, बागपत का बढ़ाया मान
- जैवलिन थ्रो, गोला फेंक और लंबी कूद में हासिल किया स्वर्ण पदक
- उत्तर प्रदेश पुलिस परिवार की खेल प्रतियोगिता में 800 खिलाड़ियों ने लिया भाग
- कोणार्क विद्यापीठ खेकड़ा की कक्षा नौ की छात्रा हैं वैष्णवी
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
प्रतिभा और मेहनत के दम पर खेकड़ा की बेटी वैष्णवी यादव ने खेल के मैदान में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण पदक जीत लिए। लखनऊ में आयोजित उत्तर प्रदेश पुलिस परिवार की खेल प्रतियोगिता में वैष्णवी ने जैवलिन थ्रो, गोला फेंक और लंबी कूद में स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके साथ ही उन्हें 15 वर्ष तक की बालिका वर्ग में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी (बेस्ट एथलीट गर्ल) के खिताब से भी नवाजा गया। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय और क्षेत्र में खुशी की लहर है।
वैष्णवी यादव कोणार्क विद्यापीठ खेकड़ा में कक्षा नौ की छात्रा हैं। उनके पिता संदीप यादव लखनऊ पुलिस लाइन में मुख्य आरक्षी के पद पर तैनात हैं। वैष्णवी का जन्म 8 अगस्त 2012 को हुआ है। उन्होंने अंडर-12 से 15 बालिका वर्ग में प्रतिभाग करते हुए तीनों खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। लखनऊ में 21 और 22 नवंबर को 35वीं वाहिनी के स्पोर्ट्स सिंथेटिक ट्रैक पर आयोजित इस प्रतियोगिता में पूरे उत्तर प्रदेश पुलिस परिवार के करीब 800 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। रविवार को उत्तर प्रदेश पुलिस के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने प्रतियोगिता का समापन किया। इस दौरान वैष्णवी को तीन स्वर्ण पदक और सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का खिताब मिलने पर सम्मानित किया गया। वैष्णवी की इस उपलब्धि को क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।