राजनगर एक्सटेंशन में योगी का शक्ति प्रदर्शन, कांग्रेस-सपा पर जमकर बरसे मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा की ओर से ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकाली गई। करीब डेढ़ किलोमीटर लंबे रोड शो और पदयात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों का अभिवादन किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखे राजनीतिक हमले करते हुए विपक्ष की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए

राजनगर एक्सटेंशन में योगी का शक्ति प्रदर्शन, कांग्रेस-सपा पर जमकर बरसे मुख्यमंत्री

तेजेश चौहान तेजस 

1.5 किलोमीटर लंबी पदयात्रा और रोड शो के जरिए किया जनता का अभिवादन, योगी बोले- लोकतंत्र बचाने नहीं, परिवार बचाने में जुटा है विपक्ष

गाजियाबाद।

राजनगर एक्सटेंशन में बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा की ओर से ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकाली गई। करीब डेढ़ किलोमीटर लंबे रोड शो और पदयात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों का अभिवादन किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखे राजनीतिक हमले करते हुए विपक्ष की कार्यशैली पर सवाल उठाए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल लोकतंत्र बचाने की बात कर रहे हैं, जबकि वास्तव में उनका उद्देश्य अपने परिवार और राजनीतिक अस्तित्व को बचाना है। उन्होंने राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए उनकी तुलना ऐसे विद्यार्थी से की, जो बार-बार परीक्षा में असफल होने के बाद अपनी नाकामी के लिए अलग-अलग बहाने बनाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव जीतने पर कांग्रेस अपनी उपलब्धियां गिनाती है, जबकि हारने पर ईवीएम और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाने लगती है। उन्होंने संवैधानिक संस्थाओं के प्रति विपक्ष के रवैये की भी आलोचना की।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस द्वारा चुनाव आयोग के खिलाफ किए गए प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए 1984 के सिख विरोधी दंगों को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि संवैधानिक संस्थाओं को कठघरे में खड़ा करना विपक्ष की राजनीति का हिस्सा बन गया है।

सपा शासनकाल को लेकर साधा निशाना

समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में सपा सरकारों के कार्यकाल में गुंडागर्दी, अराजकता, दंगे और कर्फ्यू की घटनाएं चर्चा में रहती थीं। उस समय महिलाओं, बेटियों और व्यापारियों में असुरक्षा का माहौल था। उन्होंने प्रदेश के विभिन्न जिलों में हुए दंगों का जिक्र करते हुए सपा के शासनकाल को कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर घेरा। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश में कानून का राज स्थापित करने और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में काम किया है।

राम मंदिर और विकास कार्यों का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस और सपा पर मंदिर निर्माण का विरोध करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 500 वर्षों की प्रतीक्षा के बाद अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हुआ है। भाजपा ने देश की सांस्कृतिक विरासत को सम्मान देने के साथ विकास को भी गति दी है। काशी विश्वनाथ धाम और केंद्र सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की प्रगति और सुरक्षा को सरकार की उपलब्धि बताया।

चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न देने का किया उल्लेख

योगी आदित्यनाथ ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न दिए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा ने देश की महान विभूतियों को सम्मान देने का काम किया है। उन्होंने कांग्रेस और सपा को परिवारवादी राजनीति करने वाले दल बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष के दुष्प्रचार और उसकी राजनीति को जनता के सामने उजागर करने के लिए देशभर में पदयात्राएं आयोजित की जा रही हैं।

इस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, सह प्रभारी अनंत ओझा, क्षेत्रीय प्रभारी राम प्रताप सिंह चौहान, क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद तथा राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय महामंत्री त्रिलोक त्यागी सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।