11 अगस्त को बच्चों को खिलाई जाएगी पेट के कीड़ों की दवा एल्बेंडाजोल
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस आगामी 11 अगस्त को मनाया जाएगा। इस दिन 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पेट में कीड़ों की दवा एल्बेंडाजोल दी जाएगी। इसे लेकर गुरुवार को खेकड़ा के बीआरसी तथा आंगनबाड़ी कार्यालय सभागार में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
11 अगस्त को बच्चों को खिलाई जाएगी पेट के कीड़ों की दवा एल्बेंडाजोल
- बीआरसी और आंगनबाड़ी केंद्र पर दिया गया प्रशिक्षण
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस आगामी 11 अगस्त को मनाया जाएगा। इस दिन 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पेट में कीड़ों की दवा एल्बेंडाजोल दी जाएगी। इसे लेकर गुरुवार को खेकड़ा के बीआरसी तथा आंगनबाड़ी कार्यालय सभागार में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के तहत आरबीएसके (राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम) टीम ने सबसे पहले आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशिक्षित किया। इस दौरान प्रभारी सीडीपीओ सीमा की अध्यक्षता में खंड क्षेत्र की 190 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को दवा वितरण की प्रक्रिया, बच्चों की संख्या के अनुसार टेबलेट की गणना, और रिपोर्टिंग फॉर्मेट की जानकारी दी गई। इसके बाद खंड शिक्षा अधिकारी सुभाष चंद की अध्यक्षता में बीआरसी पर प्रधानाध्यापकों को प्रशिक्षण दिया गया। आरबीएसके टीम के डा. दीपक धामा, डा. दीप्ति चौधरी और डा. साजिया ने जानकारी दी कि पेट में कीड़े बच्चों में कुपोषण का कारण बनते हैं और यह उनके शारीरिक व मानसिक विकास को बाधित करता है। एल्बेंडाजोल गोली को दांत से चबाकर ही खाना जरूरी है। डॉक्टरों ने यह भी स्पष्ट किया कि दवा खिलाने से पहले अभिभावकों को सूचना देना अनिवार्य है, ताकि वे अपने बच्चों को नाश्ता कराकर स्कूल भेजें। जहाँ मिड-डे मील की व्यवस्था है, वहाँ भोजन के बाद ही दवा दी जाए। प्रशिक्षण कार्यक्रम में पंकज जोशी, संदीप संधू, सुरेंद्र आर्य सहित कई शिक्षक व अधिकारी उपस्थित रहे।