बीमार पशु लेटकर भटक रहे पशुपालक, पशु चिकित्सालय पर लगा ताला

तीन दिन से राजकीय पशु चिकित्सालय पर लगा हुआ है तालाःबीसी प्रधान

बीमार पशु लेटकर भटक रहे पशुपालक, पशु चिकित्सालय पर लगा ताला

तेजस न्यूज संवाददाता

नोएडा के बरौला गांव स्थित राजकीय पशु चिकित्सालय पिछले लगभग तीन दिनों से बंद पड़ा हुआ है। पशु चिकित्सालय के मुख्य द्वार पर ताला लगाया गया है। इसके अलावा जिला प्रशासन की तरफ से पशु चिकित्सालय पर एक नोटिस चस्पा किया गया है। इस नोटिस में जिला प्रशासन की तरफ से सूचना दी गई है कि जनगणना ड्यूटी के चलते दिनांक 5, 6 और 7 नवंबर को चिकित्सालय पूरी तरह से बंद रहेगा। मिली जानकारी के मुताबिक, इस चिकित्सालय से बरौला समेत लगभग 30 से 32 गांवों के पशुपालक जुड़े हुए हैं। ऐसे में रोजाना 10 से 15 पशुपालक अपने बीमार पशुओं को लेकर चिकित्सालय पहुंच रहे हैं। लेकिन, पशु चिकित्सालय पर ताला लगा होने के चलते वह बिना इलाज के ही वापस लौट रहे हैं।

भाकियू (लोक शक्ति) के राष्ट्रीय महासचिव बीसी प्रधान ने बताया कि सरकार की जनगणना ड्यूटी के नाम पर गांवों की स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह से ठप हो चुकी हैं। पशुपालक सुबह से शाम तक अपने बीमार पशुओं को लेकर रोजाना भटक रहे हैं। जिला प्रशाससन को तुरंत इस मामले में संज्ञान लेना चाहिए। पशु चिकित्सालय में वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए। जिससे पशु पालक को बिना इलाज वापस नहीं लौटना पड़ सके।