गौना के यश यादव ने फेडरेशन कप में जीता स्वर्ण पदक
जनपद बागपत के गांव गौना सहबानपुर निवासी यश यादव ने एक बार फिर जिले का नाम रोशन किया है। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में आयोजित फेडरेशन कप इक्विप्ड पावरलिफ्टिंग चैम्पियनशिप 2025 में यश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 59 किलोग्राम ओपन एज कैटेगरी में स्वर्ण पदक जीता।
गौना के यश यादव ने फेडरेशन कप में जीता स्वर्ण पदक
- हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में हुई प्रतियोगिता में चमका यश का नाम
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
जनपद बागपत के गांव गौना सहबानपुर निवासी यश यादव ने एक बार फिर जिले का नाम रोशन किया है। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में आयोजित फेडरेशन कप इक्विप्ड पावरलिफ्टिंग चैम्पियनशिप 2025 में यश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 59 किलोग्राम ओपन एज कैटेगरी में स्वर्ण पदक जीता।
प्रतियोगिता का आयोजन दो से पांच नवंबर 2025 तक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, रैट हिमाचल प्रदेश में किया गया था। इसका शुभारंभ हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने किया। यश यादव ने कुल 475 किलोग्राम वजन उठाकर सबको चौंका दिया। जिसमें स्क्वाट 172.5 किग्रा, बेंच प्रेस 112.5 किग्रा, डेडलिफ्ट 190 किग्रा शामिल रहे। उनके इस प्रदर्शन ने निर्णायकों और दर्शकों को प्रभावित किया। प्रतियोगिता में देशभर से सैकड़ों खिलाड़ियों ने भाग लिया था। यश एक किसान परिवार से संबंध रखते हैं और गांव में ही एक देसी जिम चलाते हैं, जहां वे युवाओं को निःशुल्क प्रशिक्षण देकर ग्रामीण क्षेत्र में खेलों को बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने अपनी जीत का श्रेय अपने माता-पिता और परिवार को दिया है। यश पहले भी कई राष्ट्रीय स्तर की पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। अब वे मई 2026 में होने वाली इक्विप्ड एशियन पावरलिफ्टिंग चौम्पियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। यश यादव का कहना है कि मेरा सपना है कि मैं अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का तिरंगा लहराऊं और देश के लिए स्वर्ण पदक जीतूं।