बहलोलपुर में 29वें विशाल दंगल का भव्य आयोजन

सात लाख की कुश्ती बराबरी पर छूटी

बहलोलपुर में 29वें विशाल दंगल का भव्य आयोजन

तेजस न्यूज संवाददाता

नोएडा स्थित बहलोलपुर गांव में स्वर्गीय श्री ब्रह्मपाल पहलवान की स्मृति में 29वें विशाल दंगल का भव्य आयोजन किया गया। यह दंगल भारतीय किसान परिषद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयवीर प्रधान के नेतृत्व में आयोजित किया गया। दंगल में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान समेत देशभर से आए नामचीन पहलवान शामिल हुए। दंगल में लगभग 125 कुश्तियों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन भी किया। दंगल में पहलवानों के बीच कई शानदार मुकाबले देखने को मिले।

दंगल की सबसे बड़ी और आखिरी 7 लाख रुपये इनामी कुश्ती का आयोजन किया गया था। जिसमें भारत केसरी पहलवान शेरा गुर्जर और भारत केसरी पहलवान दिनेश गुलिया के बीच हुई। यह कुश्ती बेहद ही रोमांचक और शानदार मुकाबले के बाद बराबरी पर छूटी। वहीं, 51 हजार रुपये इनामी कुश्ती में बहलोलपुर के अंकित पहलवान और डगरपुर के सिंटू पहलवान के बीच मुकाबला बराबरी पर रहा। तीसरे नंबर की 41 हजार रुपये इनामी कुश्ती में बहलोलपुर के ऋतिक पहलवान और डगरपुर के सुमित पहलवान आमने-सामने रहे। यह मुकाबला भी बराबरी पर रहा। दंगल के संयोजक चेयरमैन सुखपाल पहलवान ने बताया कि सभी पहलवानों की कुश्तियां विधिवत बांधी गई थीं। पहलवानों के सम्मान और पुरस्कार का भी विशेष ध्यान रखा गया। इस मौके पर ऑल इंडिया रेलवे फेडरेशन के महामंत्री शिव गोपाल मिश्रा, पूर्व मंत्री डीपी यादव, गाजियाबाद सदर विधायक संजीव शर्मा, नॉदर्न रेलवे के केंद्रीय अध्यक्ष एसके त्यागी, भारतीय किसान परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखवीर खलीफा, मैराथन दौड़ विजेता सत्या यादव, सत्तन पहलवान, ललित यादव, पिंटू यादव और बॉबी पहलवान समेत कई लोग मौजूद रहे।