कांवड़ियों पर बरसे फूल, शिवमय हुआ गाजियाबाद, महापौर, विधायक, डीएम और अधिकारियों ने किया शिवभक्तों का स्वागत

कांवड़ियों पर बरसे फूल, शिवमय हुआ गाजियाबाद, महापौर, विधायक, डीएम और अधिकारियों ने किया शिवभक्तों का स्वागत

तेजस न्यूज संवाददाता 

गाजियाबाद में कांवड़ियों का भव्य स्वागत 

गाजियाबाद। सावन कांवड़ यात्रा के दौरान रविवार को गाजियाबाद का मेरठ रोड क्षेत्र पूरी तरह शिवभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। गाजियाबाद नगर निगम की ओर से कांवड़ यात्रियों के स्वागत और उत्साहवर्धन के लिए भव्य पुष्प वर्षा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान महापौर सुनीता दयाल, विधायक संजीव शर्मा, विधायक अजीत पाल त्यागी, जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़, जीडीए उपाध्यक्ष नंदकिशोर कलाल, मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक समेत जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस अधिकारियों ने कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया।

तीन से चार क्विंटल फूलों की पंखुड़ियों से स्वागत

मेरठ रोड से गुजर रहे शिवभक्त कांवड़ियों पर गुलाब, गेंदे और चमेली के फूलों की पंखुड़ियां बरसाई गईं। नगर निगम के मुताबिक करीब तीन से चार क्विंटल फूलों की पंखुड़ियों से कांवड़ियों का स्वागत किया गया। पुष्प वर्षा होते ही कांवड़ियों में खासा उत्साह दिखाई दिया। शिवभक्तों ने हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारे लगाते हुए नगर निगम की ओर से किए गए स्वागत और व्यवस्थाओं के लिए आभार जताया।

24 घंटे व्यवस्थाओं में जुटी निगम की टीम

नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी नगर निगम की टीम कांवड़ यात्रा के दौरान 24 घंटे व्यवस्थाओं में जुटी है। कांवड़ मार्ग पर सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के साथ ही कांवड़ शिविरों के आसपास भी विशेष सफाई कराई जा रही है। मार्ग को लगातार व्यवस्थित रखने के लिए निगम की टीमें लगातार काम कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि निगम अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी निभाने के साथ ही सेवा और श्रद्धा भाव से कांवड़ यात्रा को सफल बनाने में जुटे हैं।

लाखों शिवभक्तों के लिए सुविधाओं पर जोर

महापौर सुनीता दयाल ने कांवड़ यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गाजियाबाद से होकर हर वर्ष लाखों की संख्या में शिवभक्त गुजरते हैं। नगर निगम और जिला प्रशासन की ओर से कांवड़ियों की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता और सेवा के लिए लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि व्यवस्थाओं से कांवड़ यात्री संतुष्ट हैं और पूरे कांवड़ मार्ग पर श्रद्धा एवं उत्साह का माहौल बना हुआ है।

एकजुट नजर आए जनप्रतिनिधि और अधिकारी

पुष्प वर्षा कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की एकजुटता भी देखने को मिली। जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, नगर आयुक्त, जीडीए उपाध्यक्ष, विधायक और पुलिस अधिकारियों ने एक साथ कांवड़ियों के स्वागत और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

10 अगस्त को फिर होगी पुष्प वर्षा

अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार ने बताया कि नगर निगम की ओर से आयोजित पुष्प वर्षा कार्यक्रम में तीन प्रकार के फूलों की पंखुड़ियों का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने बताया कि कांवड़ियों के स्वागत के लिए 10 अगस्त को भी भव्य पुष्प वर्षा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

गाजियाबाद में कांवड़ यात्रा के दौरान हुए इस स्वागत कार्यक्रम ने शहर में धार्मिक उत्साह और सेवा भाव का माहौल और भी मजबूत कर दिया। मेरठ रोड पर पुष्प वर्षा के बीच गुजरते शिवभक्तों का दृश्य लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा।