तीन बार सीलिंग और एक बार ध्वस्तीकरण के बावजूद अवैध निर्माण जारी
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) द्वारा बार-बार की गई कार्रवाई के बावजूद शालीमार गार्डन एक्सटेंशन-1 में अवैध निर्माण थमने का नाम नहीं ले रहा है। प्रवर्तन जोन-8 के अंतर्गत 80 फुटा रोड, छावड़ा चौक स्थित भूखण्ड संख्या 775 पर बिल्डर द्वारा नियमों को ताक पर रखकर निर्माण कार्य लगातार जारी है।
तेजस न्यूज संवाददाता
तीन बार सीलिंग और एक बार ध्वस्तीकरण के बावजूद अवैध निर्माण जारी,
गाजियाबाद।
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) द्वारा बार-बार की गई कार्रवाई के बावजूद शालीमार गार्डन एक्सटेंशन-1 में अवैध निर्माण थमने का नाम नहीं ले रहा है। प्रवर्तन जोन-8 के अंतर्गत 80 फुटा रोड, छावड़ा चौक स्थित भूखण्ड संख्या 775 पर बिल्डर द्वारा नियमों को ताक पर रखकर निर्माण कार्य लगातार जारी है।

जानकारी के अनुसार उक्त अवैध निर्माण पर अब तक तीन बार सीलिंग और एक बार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा चुकी है। इसके बावजूद बिल्डर ने जीडीए की कार्रवाई को ठेंगा दिखाते हुए निर्माण कार्य दोबारा शुरू कर दिया। ताजा कार्रवाई में जीडीए ने एक बार फिर मौके पर सीलिंग की और भवन पर चेतावनी बोर्ड लगाया, जिसमें पूरी बिल्डिंग को अवैध बताते हुए उसमें किसी भी प्रकार की खरीद-फरोख्त न करने की हिदायत दी गई है।

चेतावनी बोर्ड पर इसे जीडीए रिकॉर्ड में विवादित संपत्ति बताया गया है, जिसका केस नंबर जोन-8/00004512, दिनांक 05/09/2025 दर्ज है। इसके बावजूद स्थानीय लोगों का आरोप है कि सीलिंग के बाद भी अंदर निर्माण कार्य जारी है, जिससे जीडीए की कार्यप्रणाली और प्रभावशीलता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि अवैध निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त कर दोषी बिल्डर के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की मनमानी पर रोक लग सके।