इंसाफ की गुहार लेकर हरिद्वार से कांवड़ लाई अनीसा बानो, बुर्के में भोलेनाथ को लगाई अर्जी, यूपी पुलिस की सुरक्षा की सराहना

इंसाफ की मांग को लेकर गाजियाबाद की रहने वाली अनीशा बानो ने हरिद्वार से कांवड़ यात्रा की। अनीशा बानो बुर्के में कांवड़ लेकर गाजियाबाद पहुंचीं। उनके साथ तमन्ना मलिक भी मौजूद रहीं। दोनों ने पुलिस सुरक्षा के बीच कांवड़ यात्रा पूरी की।

इंसाफ की गुहार लेकर हरिद्वार से कांवड़ लाई अनीसा बानो, बुर्के में भोलेनाथ को लगाई अर्जी, यूपी पुलिस की सुरक्षा की सराहना

तेजस न्यूज संवाददाता 

गाजियाबाद। इंसाफ की मांग को लेकर गाजियाबाद की रहने वाली अनीशा बानो ने हरिद्वार से कांवड़ यात्रा की। अनीशा बानो बुर्के में कांवड़ लेकर गाजियाबाद पहुंचीं। उनके साथ तमन्ना मलिक भी मौजूद रहीं। दोनों ने पुलिस सुरक्षा के बीच कांवड़ यात्रा पूरी की।

अनीशा बानो का कहना है कि उन्हें अपने मामले में अब तक न्याय नहीं मिला है। ऐसे में उन्होंने भगवान भोलेनाथ से न्याय की गुहार लगाई है। उनका विश्वास है कि भगवान शिव की कृपा से उन्हें इंसाफ जरूर मिलेगा।

मुजफ्फरनगर में पुलिस ने की मदद

अनीशा बानो ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान जब वह मुजफ्फरनगर क्षेत्र में पहुंचीं तो पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर उन्हें वाहन में बैठाकर आगे तक पहुंचाया। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार और यूपी पुलिस की व्यवस्था की जमकर सराहना की। अनीशा और तमन्ना मलिक ने कहा कि यात्रा के दौरान उन्हें पुलिस की ओर से सुरक्षा और सहयोग मिला।

पति पर गंभीर आरोप, बच्चों को लेकर भी जताई चिंता

अनीशा बानो ने आरोप लगाया कि उनके पति ने उन्हें तलाक दे दिया और बाद में उन्हें हलाला तक के लिए मजबूर किया गया। उनका यह भी आरोप है कि उनके बच्चों को उनसे अलग कर दिया गया। अनीशा का कहना है कि वह हर हाल में अपने बच्चों को वापस पाना चाहती हैं और न्याय के लिए लगातार संघर्ष कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि जब उन्हें अपने स्तर पर न्याय नहीं मिला तो अब उन्होंने भगवान भोलेनाथ के दरबार में अपनी अर्जी लगाई है। उन्हें उम्मीद है कि भोलेनाथ उनकी पुकार सुनेंगे और उन्हें न्याय मिलेगा।

सनातन धर्म की लड़कियों को दिया संदेश

अनीशा बानो ने सनातन धर्म की लड़कियों को भी संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वे रिश्तों और विवाह के मामलों में सावधानी बरतें और किसी भी तरह के बहकावे में न आएं। उन्होंने दावा किया कि वह स्वयं इस्लाम धर्म से बाहर आने की प्रक्रिया में हैं और इसी अनुभव के आधार पर वह अन्य लड़कियों को सावधान करना चाहती हैं।

उन्होंने 'लव जिहाद' का जिक्र करते हुए सनातन धर्म की लड़कियों से ऐसे मामलों में सतर्क रहने की अपील की।

अनीशा बानो का कहना है कि अब उन्हें सनातन धर्म और भगवान भोलेनाथ पर भरोसा है। कांवड़ यात्रा के माध्यम से उन्होंने अपनी आस्था के साथ न्याय की उम्मीद भी जताई है।