सपा कार्यकर्ताओं ने छिजारसी और चोटपुर निवासियों से मुलाकात

समाजवादी पार्टी सड़कों पर करेगी प्रदर्शन

सपा कार्यकर्ताओं ने छिजारसी और चोटपुर निवासियों से मुलाकात

तेजस न्यूज संवाददाता

नोएडा के सेक्टर 63 स्थित छिजारसी और चोटपुर गांव के निवासियों से समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मुलाकात की। यह मुलाकात पूर्व महानगर अध्यक्ष दीपक विग और प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एडवोकेट गौरव सिंघल के नेतृत्व में आयोजित की गई। इस मुलाकात के दौरान डूब क्षेत्र में बिजली विभाग द्वारा सैकड़ों बिजली कनेक्शन काटे जाने का विरोध किया।


प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एडवोकेट गौरव सिंघल ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर डूब क्षेत्र में लगभग तीन हजार से ज्यादा बिजली कनेक्शन काटे गए हैं। बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के सैकड़ों परिवारों को अंधेरे में डाल दिया है। विधायक और जनप्रतिनिधियों को इन गरीब परिवारों, बुजुर्गों और पढ़ाई कर रहे बच्चों का दर्द भी दिखाई नहीं दे रहा है। सपा सरकार आने के बाद डूब क्षेत्र के निवासियों को वैध कनेक्शन प्राप्त हो सकेंगे। वहीं, पूर्व महानगर अध्यक्ष दीपक विग ने बताया कि समाजवादी पार्टी हमेशा आम जनता के अधिकारों को उठाती रहेगी। जिला प्रशासन का यह रवैया बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि जल्द ही प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल करने और नियमित कनेक्शन देने की प्रक्रिया शुरू नहीं की जाती है तो समाजवादी पार्टी सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करने को मजबूर होगी।