सिद्धचक्र महामंडल विधान में 256 अर्घ्य समर्पित कर किया प्रभु का पूजन
बड़ागांव स्थित पारस प्रभु अतिशय क्षेत्र में चल रहे सिद्धचक्र महामंडल विधान में रविवार को श्रद्धा और भक्ति के साथ 256 अर्घ्य समर्पित कर प्रभु का पूजन किया गया। इंद्र-इंद्राणियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर आरती की। इस दौरान जैन संत त्रिलोक भूषण महाराज ने श्रद्धालुओं को आत्मकल्याण, सम्यक ज्ञान और मन की स्थिरता का संदेश दिया।
सिद्धचक्र महामंडल विधान में 256 अर्घ्य समर्पित कर किया प्रभु का पूजन
- पारस प्रभु अतिशय क्षेत्र बड़ागांव में उमड़े जैन श्रद्धालु
- त्रिलोक भूषण महाराज ने आत्मकल्याण और सम्यक ज्ञान का दिया संदेश
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
क्षेत्र के बड़ागांव स्थित पारस प्रभु अतिशय क्षेत्र में चल रहे सिद्धचक्र महामंडल विधान में रविवार को श्रद्धा और भक्ति के साथ 256 अर्घ्य समर्पित कर प्रभु का पूजन किया गया। इंद्र-इंद्राणियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर आरती की। इस दौरान जैन संत त्रिलोक भूषण महाराज ने श्रद्धालुओं को आत्मकल्याण, सम्यक ज्ञान और मन की स्थिरता का संदेश दिया।
विधान का शुभारंभ सुबह सात बजे भगवान के अभिषेक और शांतिधारा के साथ हुआ। इसके बाद आठ बजे पूजन प्रारंभ किया गया। इंद्र-इंद्राणियों ने 256 अर्घ्य समर्पित कर प्रभु की आराधना की। पंडित ब्रह्मचारी ने मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक क्रियाएं संपन्न कराईं। जैन संत त्रिलोक भूषण महाराज ने विधान के पात्रों और श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया। महाराज ने प्रवचन में कहा कि प्रत्येक जीव की आत्मा में आनंद का झरना बह रहा है, लेकिन मनुष्य बाहरी संसार में सुख की तलाश में भटकता रहता है। तन का रोग, मन का भोग और आत्मा का शोक जीव को निरंतर दुखी करते हैं। सम्यक ज्ञान के अभाव में मनुष्य अपने दुखों का वास्तविक कारण नहीं समझ पाता। उन्होंने कहा कि मनुष्य जीवन अनमोल है। गुरु की संगति और धर्म आराधना का अवसर बार-बार नहीं मिलता। इसलिए एक पल भी व्यर्थ गंवाए बिना मन को स्थिर और व्यवस्थित कर आत्मकल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए। विधान में बड़ी संख्या में जैन समाज की महिलाएं और श्रद्धालु शामिल रहे।

