तेजस न्यूज संवाददाता
गाजियाबाद की आस्था त्यागी बनीं नौसेना में सब लेफ्टिनेंट, JAG शाखा में चयन'
गाजियाबाद,
वसुंधरा सेक्टर-14 स्थित अशोका सोसाइटी की निवासी आस्था त्यागी ने भारतीय नौसेना की प्रतिष्ठित जज एडवोकेट जनरल (JAG) शाखा में सब लेफ्टिनेंट पद पर चयनित होकर जिले, समुदाय और पूरे प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।
मूल रूप से बुलंदशहर जनपद के मोरौनी गांव की निवासी आस्था त्यागी, CISF में वरिष्ठ कमांडेंट श्री सुचित त्यागी और दिल्ली हाईकोर्ट में अधिवक्ता एवं मध्यस्थता विशेषज्ञ श्रीमती सुषमा त्यागी की सुपुत्री हैं। आस्था की इस उपलब्धि पर न केवल उनका परिवार, बल्कि समूचा त्यागी समाज और शहरवासी गर्वित हैं।
आस्था की शिक्षा DAV श्रेष्ठा विहार, दिल्ली से प्रारंभ हुई। उन्होंने BA LLB की पढ़ाई विवेकानंद इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज (VIPES), दिल्ली से की और LLM राजीव गांधी नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ लॉ से पूर्ण किया।
शिक्षा के साथ-साथ आस्था खेलों में भी अव्वल रहीं। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर बैडमिंटन, फुटबॉल और चौकबॉल में भाग लिया, वहीं राज्य स्तर पर बास्केटबॉल और लॉन्ग जंप में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। NCC में भी आस्था की उपलब्धियाँ सराहनीय हैं—उन्होंने रूस जाकर भारत का प्रतिनिधित्व किया और ‘C’ सर्टिफिकेट प्राप्त किया। साथ ही वह दिल्ली की बेस्ट आर्मी कैडेट भी चुनी गईं।
भारतीय नौसेना की JAG शाखा सैन्य कानून के प्रशासन और कानूनी परामर्श में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इस पद पर आस्था न्याय व्यवस्था, नैतिक संरचना और सलाहकारी भूमिका में कार्य करेंगी।
विशेष बात यह है कि आस्था की छोटी बहन आकांक्षा त्यागी भी भारतीय नौसेना में चयनित हुई हैं, जो पूरे परिवार की राष्ट्रसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
गाजियाबाद समेत पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आस्था की इस सफलता को युवा प्रेरणा के रूप में देख रहे हैं। त्यागी परिवार सहित समस्त शुभचिंतकों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।