हेड कांस्टेबल के परिजनों को संदिग्धों से जान का खतरा
सुन्हैड़ा गांव के हेड कांस्टेबल अजय पंवार की हत्या के बाद बुधवार को उनकी अस्थियां गांव के श्मशान घाट से चुनी गईं। इस दौरान उनके परिजनों और रिश्तेदारों ने मकान के आसपास संदिग्ध रूप से घूम रहे अज्ञात युवकों को लेकर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने खेकड़ा कोतवाली में पहुंचकर पुलिस से इन संदिग्धों की गिरफ्तारी और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
हेड कांस्टेबल के परिजनों को संदिग्धों से जान का खतरा
- रिश्तेदारों ने पुलिस से की गिरफ्तारी और सुरक्षा की मांग
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
सुन्हैड़ा गांव के हेड कांस्टेबल अजय पंवार की हत्या के बाद बुधवार को उनकी अस्थियां गांव के श्मशान घाट से चुनी गईं। इस दौरान उनके परिजनों और रिश्तेदारों ने मकान के आसपास संदिग्ध रूप से घूम रहे अज्ञात युवकों को लेकर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने खेकड़ा कोतवाली में पहुंचकर पुलिस से इन संदिग्धों की गिरफ्तारी और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
ज्ञात हो कि 29 जून की देर शाम हेड कांस्टेबल अजय पंवार की गांव के ही शिक्षक मोहित ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। अगले दिन उनका अंतिम संस्कार गांव के श्मशान घाट में किया गया। उसी रात मोहित पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ, जब पुलिस ने उसे गांव के जंगल में घेर लिया। गोली लगने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया और 1 जुलाई को हत्या व जानलेवा हमले की धाराओं में जेल भेज दिया गया। बुधवार को जब अजय पंवार की अस्थियां चुनकर उन्हें हरिद्वार विसर्जन के लिए भेजा गया, तो उनके परिजन खेकड़ा कोतवाली पहुंचे। उन्होंने बताया कि बीते दो दिनों से कुछ अज्ञात संदिग्ध युवक कांस्टेबल के घर के आसपास घूमते नजर आ रहे हैं, जिससे कांस्टेबल की वृद्ध मां और पत्नी डरी-सहमी हुई हैं। परिजनों ने आशंका जताई कि ये युवक परिवार के किसी सदस्य को नुकसान पहुंचा सकते हैं। परिजनों ने यह भी आशंका जताई कि शिक्षक मोहित अकेला आरोपी नहीं है, बल्कि उसकी हत्या में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। उन्होंने कोतवाली प्रभारी से गहन जांच की मांग करते हुए अन्य संभावित आरोपियों को भी गिरफ्तार करने और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की। कोतवाली प्रभारी ने परिजनों को उचित कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।