दुष्कर्म के मुकदमे में समझौते का दबाव, पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी
डगरपुर गांव में दुष्कर्म के मुकदमे में समझौता नहीं करने पर पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि मुकदमे में फैसला करने के लिए आरोपी के परिजन पीड़ित परिवार पर दबाव बना रहे हैं। धमकियों से दहशत में आए पीड़िता के पिता ने पुलिस से परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है।
दुष्कर्म के मुकदमे में समझौते का दबाव, पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी
- डगरपुर गांव में दहशत में जी रहा शाहजहांपुर का परिवार, खेती का काम भी प्रभावित
- पीड़िता के पिता ने पुलिस से लगाई परिवार की सुरक्षा की गुहार
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
डगरपुर गांव में दुष्कर्म के मुकदमे में समझौता नहीं करने पर पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि मुकदमे में फैसला करने के लिए आरोपी के परिजन पीड़ित परिवार पर दबाव बना रहे हैं। धमकियों से दहशत में आए पीड़िता के पिता ने पुलिस से परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार, शाहजहांपुर का एक परिवार डगरपुर गांव में कृषि भूमि बटाई पर लेकर खेती करता है। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोसी किसान ने परिवार की युवती से नजदीकियां बढ़ाईं और शादी का झांसा देकर उसके साथ कई दिनों तक दुष्कर्म किया। युवती ने जब उससे शादी करने को कहा तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट कर उसे भगा दिया। इसके बाद पीड़िता ने गत नौ सितंबर को आरोपी के खिलाफ खेकड़ा कोतवाली में दुष्कर्म की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। पीड़िता के पिता का आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद अब आरोपी के परिजन उन पर समझौता करने का दबाव बना रहे हैं। फैसला नहीं करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। इससे परिवार के लोग भयभीत हैं और दहशत के चलते खेती का काम भी नहीं कर पा रहे हैं। आरोप है कि परिवार घर में रहने को मजबूर है। पीड़िता के पिता ने पुलिस से मामले में कार्रवाई करने और परिवार को सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है। कोतवाली प्रभारी आशीष पुंडीर ने बताया कि मामले में तहरीर मिल गई है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।