जमीन अधिग्रहण को लेकर 12 गांवों के किसानों की पंचायत
खेकड़ा क्षेत्र के 12 गांवों की जमीन अधिग्रहण को लेकर किसानों ने चमरावल चौराहे के समीप गीता कॉलेज ऑफ लॉ में पंचायत की। पंचायत में किसानों की मांगों और मुआवजे को लेकर चर्चा हुई। वक्ताओं ने किसानों से संगठित और अनुशासित रहकर अपनी मांगें मजबूती के साथ रखने का आह्वान किया।
जमीन अधिग्रहण को लेकर 12 गांवों के किसानों की पंचायत
- किसानों से एकजुट होकर मांगें रखने का आह्वान, जल्द होगी महापंचायत
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
क्षेत्र के 12 गांवों की जमीन अधिग्रहण को लेकर किसानों ने चमरावल चौराहे के समीप गीता कॉलेज ऑफ लॉ में पंचायत की। पंचायत में किसानों की मांगों और मुआवजे को लेकर चर्चा हुई। वक्ताओं ने किसानों से संगठित और अनुशासित रहकर अपनी मांगें मजबूती के साथ रखने का आह्वान किया।
यूपीसीडा द्वारा खेकड़ा क्षेत्र के 12 गांवों की जमीन अधिग्रहित की जानी है। मुआवजे और अन्य मांगों को लेकर किसानों तथा यूपीसीडा अधिकारियों के बीच अभी सहमति नहीं बन सकी है। इसी को लेकर आयोजित पंचायत में किसानों ने आगे की रणनीति पर विचार-विमर्श किया। पंचायत में पूर्व प्रधान पुरनपुर नवादा जय भाटी ने कहा कि गोठरा और घिटौरा में यूपीसीडा की कार्रवाई को लेकर किसानों में असंतोष है। उन्होंने किसानों से एकजुट होकर अपनी मांगें रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अभी तक यूपीसीडा की ओर से जमीन के गाटों का भी निर्धारण नहीं किया गया है। किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि जल्द ही बड़ी महापंचायत आयोजित कर किसानों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी और आगे की रणनीति तय की जाएगी। पंचायत की अध्यक्षता विजयपाल ने की, जबकि संचालन जय भाटी ने किया। इस मौके पर वेदप्रकाश, बाबूराम, भूपेंद्र यादव, सुनील त्यागी, राकेश, दीपक, महेश, नरेश सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।