जयकारों और ढोल-नगाड़ों के साथ निकली गणपति की भव्य विसर्जन यात्रा

खेकड़ा कस्बे के अर्वाचीन स्कूल और सीताराम मंदिर में स्थापित गणपति प्रतिमाओं की शनिवार को भव्य विसर्जन यात्रा धूमधाम से निकाली गई। यात्रा पूरे कस्बे की परिक्रमा करने के बाद यमुना नदी के घाट पर पहुंची, जहां विधिविधान से प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।

जयकारों और ढोल-नगाड़ों के साथ निकली गणपति की भव्य विसर्जन यात्रा

श्री गणेश महोत्सव-
जयकारों और ढोल-नगाड़ों के साथ निकली गणपति की भव्य विसर्जन यात्रा
- यमुना नदी में किया गया प्रतिमाओं का विधिविधान से विसर्जन
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
कस्बे के अर्वाचीन स्कूल और सीताराम मंदिर में स्थापित गणपति प्रतिमाओं की शनिवार को भव्य विसर्जन यात्रा धूमधाम से निकाली गई। यात्रा पूरे कस्बे की परिक्रमा करने के बाद यमुना नदी के घाट पर पहुंची, जहां विधिविधान से प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।
अखिल भारतवर्षीय धर्म संघ के तत्वावधान में अर्वाचीन सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रांगण में आयोजित गणेश महोत्सव का समापन भगवान गणपति जी की भव्य विसर्जन यात्रा के साथ हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ चेयरमैन प्रतिनिधि डॉ. सुरेंद्र धामा ने भगवान गणपति की पूजा-अर्चना के साथ किया। पंडित सुभाष चंद्र शर्मा ने विधिविधान से पूजा संपन्न कराते हुए भगवान को भोग अर्पित किया। श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा के दर्शन कर प्रसाद ग्रहण किया। इसके बाद विसर्जन यात्रा बड़े हर्षोल्लास के साथ निकाली गई, जो अर्वाचीन स्कूल प्रांगण से शुरू होकर जैन कॉलेज रोड, पुलिस चौकी चौराहा, मेन बाजार, पांडव की पुलिया से होते हुए तांगा स्टैंड पर समाप्त हुई। यात्रा के दौरान श्रद्धालु गुलाल उड़ाते हुए भगवान गणपति से मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना कर रहे थे। जयकारों, भजनों और ढोल-नगाड़ों की गूंज से पूरा कस्बा भक्ति में सराबोर हो गया। सुरक्षा व्यवस्था के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। कोतवाली प्रभारी पुलिस दल के साथ यात्रा में मौजूद रहे। यात्रा के समापन के बाद प्रतिमाओं को वाहनों द्वारा यमुना घाट ले जाया गया, जहां विधिविधान से गणपति प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। वहीं, सीताराम मंदिर में स्थापित गणपति प्रतिमा का भी बैंड-बाजों के साथ शोभायात्रा निकालकर यमुना नदी में विसर्जन किया गया। श्रद्धालुओं ने “गणपति बप्पा मोरया” के जयकारों के बीच भगवान गणपति को विदाई दी।