जेन-जी के लिए रामलीला में होगा भजन जैमिंग का आयोजन
सेक्टर 62 की रामलीला में होगी जेन-जी के लिए विशेष व्यवस्था
नोएडा के सेक्टर 62 में श्रीराम मित्र मंडल की रामलीला में इस बार भजन जैमिंग को लेकर खासा आकर्षण देखने को मिल सकता है। रामलीला में जेन-जी को आकर्षित करने के लिए श्रीराम मित्र मंडल रामलीला के आयोजकों ने भजन जैमिंग के आयोजन की तैयारी की है। इस कार्यक्रम के लिए रामलीला समिति की तरफ से निमंत्रण पत्र भी भेजना शुरू कर दिया गया है। वहीं, रामलीला मैदान में पुतले, पंडाल और स्टेज बनाने का काम अंतिम चरण में चल रहा है।

श्रीराम मित्र मंडल रामलीला समिति के महासचिव डॉ. मुन्ना कुमार शर्मा ने बताया कि सेक्टर 62 स्थित रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली श्रीरामलीला महोत्सव 2026 की तैयारियां अब अंतिम चरण में चल रही हैं। 70 फीट के रावण, 65 फीट के कुंभकरण और 60 फीट के मेघनाद के पुतले बनाने का कार्य भी अंतिम चरण में चल रहा है। पुतले बनाने के कार्य में लोनी के एक दर्जन से ज्यादा कलाकार दिन-रात काम में लगे हुए हैं। इस बार 120 फीट लंबा, 40 फीट चौड़ा और 6 फीट ऊंचा स्टेज समिति की तरफ से तैयार किया जा रहा है। इसके ऊपर 18 फीट ऊंची स्टेज की दूसरी मंजिल भी बन रही है। दो मंजिला स्टेज समिति की तरफ से तैयार किया जा रहा है। स्टेज के पीछे कलाकारों के लिए 90 फीट लंबा और 30 फीट चौड़ा पंडाल भी बनाया जा रहा है।
फिल्म जगत से जुड़े कलाकार करेंगे रामलीला में मंचनःमुन्ना शर्मा
श्रीराम मित्र मंडल रामलीला समिति के महासचिव डॉ. मुन्ना कुमार शर्मा ने बताया कि इस बार रामलीला मंचन में फिल्म जगत से जुड़े कई कलाकारों समेत अनुभवी कलाकार प्रमुख किरदारों की भूमिका में होंगे। रामलीला का मंचन मुरादाबाद की लीला मंडली श्री जानकी कला मंच के लगभग 60 कलाकारों द्वारा की जाएगी। रामलीला स्थल पर एक सौ सुरक्षा गार्ड, दो दर्जन सीसीटीवी कैमरे, मेडिकल एम्बुलेंस और अग्निशमन यंत्रों सममेत कई प्रकार की सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। बच्चों और दर्शकों के मनोरंजन के लिए कई प्रकार के झूले और खेल तमाशों की व्यवस्था की जा रही है।
जेन-जी और जेन-अल्फा के लिए भजन जैमिंग का आयोजनःमुन्ना शर्मा
श्रीराम मित्र मंडल रामलीला समिति के महासचिव डॉ. मुन्ना कुमार शर्मा ने बताया कि युवाओं, जेन-जी और जेन-अल्फा को रामलीला में आकर्षित करने के लिए भजन जैमिंग का कार्यक्रम भी आयोजित किया जा रहा है। आगामी 12 अक्तूबर को श्रीराम जन्म के मौके पर प्रसिद्ध भजन गायक गगन राठौड़ और उनकी टीम के द्वारा भजन जैमिंग का कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा। 15 अक्तूबर को श्रीराम बारात शोभा यात्रा निकाली जाएगी।