सहारनपुर में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, एक लाख का इनामी ढेर – थाना प्रभारी घायल
थाना सरसावां और गागलहेड़ी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक लाख का इनामी बदमाश ढेर हो गया। इस दौरान गागलहेड़ी थाना प्रभारी गोली लगने से घायल हो गए, जबकि सरसावां थाना प्रभारी की बुलेटप्रूफ जैकेट में गोली फंसने से उनकी जान बच गई।
सहारनपुर में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, एक लाख का इनामी ढेर – थाना प्रभारी घायल
सहारनपुर। देर रात थाना सरसावां और गागलहेड़ी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक लाख का इनामी बदमाश ढेर हो गया। इस दौरान गागलहेड़ी थाना प्रभारी गोली लगने से घायल हो गए, जबकि सरसावां थाना प्रभारी की बुलेटप्रूफ जैकेट में गोली फंसने से उनकी जान बच गई।

मारे गए बदमाश की पहचान इमरान पुत्र रज्जाक निवासी सोंटापुर रसूलपुर थाना भवन, जनपद शामली के रूप में हुई है। इमरान पर मेरठ, मुजफ्फरनगर, शामली और सहारनपुर में लूट, डकैती, गैंगस्टर एक्ट समेत 13 संगीन मामले दर्ज थे। उसकी तलाश में लंबे समय से पुलिस जुटी हुई थी। राज्य सरकार ने उसकी गिरफ्तारी पर 1 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
इस तरह हुई मुठभेड़
रविवार देर रात थाना सरसावां पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश मोटरसाइकिल छीनकर भाग रहे हैं। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने गागलहेड़ी थाना पुलिस के साथ मिलकर पीछा किया। पुलिस को नजदीक आता देख बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। इसी दौरान गागलहेड़ी थाना प्रभारी के हाथ में गोली लग गई, जबकि सरसावां प्रभारी की जैकेट पर भी गोली आकर रुकी।
जवाबी फायरिंग में इनामी बदमाश इमरान गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एसएसपी ने दी जानकारी
एसएसपी सहारनपुर आशीष तिवारी ने बताया कि मुठभेड़ पुलिस की सतर्कता और त्वरित एक्शन का नतीजा है। लंबे समय से फरार इमरान कई जिलों की पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। मौके से अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं। घायल थाना प्रभारी का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।