खट्टा प्रहलादपुर में भूमिया मंदिर की चारदीवारी पर बवाल
खट्टा प्रहलादपुर गांव में विवादित भूमि पर बने भूमिया मंदिर की चारदीवारी प्रशासन द्वारा शनिवार को कराई गई। इस दौरान मौके पर दोनों पक्षों में विवाद की स्थिति बन गई। विपक्षी पक्ष ने आरोप लगाया कि प्रशासन एक पक्ष को लाभ पहुंचा रहा है।
खट्टा प्रहलादपुर में भूमिया मंदिर की चारदीवारी पर बवाल
विपक्षियों ने लगाया अवैध कब्जा कराने का आरोप, धर्म परिवर्तन की चेतावनी दी
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
खट्टा प्रहलादपुर गांव में विवादित भूमि पर बने भूमिया मंदिर की चारदीवारी प्रशासन द्वारा शनिवार को कराई गई। इस दौरान मौके पर दोनों पक्षों में विवाद की स्थिति बन गई। विपक्षी पक्ष ने आरोप लगाया कि प्रशासन एक पक्ष को लाभ पहुंचा रहा है।
जानकारी के अनुसार, गांव के खसरा संख्या 1010, रकबा 130 वर्ग मीटर में भूमिया का मंदिर स्थित है। गांव के ही महिपाल ने मंदिर की चारदीवारी कराने की पहल की थी, लेकिन लगभग एक माह पूर्व कुछ ग्रामीणों ने इसे मंदिर की भूमि बताते हुए कार्य रुकवा दिया था। इसके बाद महिपाल ने जिलाधिकारी को प्रार्थनापत्र देकर भूमि के कागजात प्रस्तुत किए और बताया कि वह केवल मंदिर की चारदीवारी करना चाहते हैं। जिलाधिकारी के आदेश पर उपजिलाधिकारी के निर्देशन में शनिवार को तहसील प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। टीम में कानूनगो दीपक शर्मा, अशोक तोमर, लेखपाल जितेंद्र और पुलिस बल मौजूद रहा। प्रशासन ने भूमि की चारदीवारी कराई। इस दौरान गांव के योगेश, मनोज कुमार, सतेंद्र और जगवीर ने विरोध जताते हुए कहा कि महिपाल मंदिर की भूमि पर कब्जा करना चाहता है और प्रशासन उसका सहयोग कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मंदिर की भूमि पर अवैध कब्जा कराया गया तो वे विरोधस्वरूप अपना धर्म त्यागकर मुस्लिम धर्म अपनाने को मजबूर होंगे।

