पाठशाला बस स्टैंड के गड्ढे बने जानलेवा, रोजाना हादसों का बढ़ रहा खतरा
खेकड़ा कस्बे के पाठशाला बस स्टैंड पर सड़क की बदहाल स्थिति अब लोगों के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है। पाठशाला रोड और दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर बने गहरे गड्ढे और उनमें भरा पानी यात्रियों व वाहन चालकों के लिए मुसीबत खड़ी कर रहा है। इन गड्ढों के कारण आए दिन छोटे-बड़े हादसे हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक बेपरवाह बना हुआ है।
पाठशाला बस स्टैंड के गड्ढे बने जानलेवा, रोजाना हादसों का बढ़ रहा खतरा
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
कस्बे के पाठशाला बस स्टैंड पर सड़क की बदहाल स्थिति अब लोगों के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है। पाठशाला रोड और दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर बने गहरे गड्ढे और उनमें भरा पानी यात्रियों व वाहन चालकों के लिए मुसीबत खड़ी कर रहा है। इन गड्ढों के कारण आए दिन छोटे-बड़े हादसे हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक बेपरवाह बना हुआ है।
यह मार्ग कस्बे का प्रमुख संपर्क मार्ग है, जहां से दिल्ली और बागपत के लिए दिन-रात भारी वाहनों, कारों, थ्री-व्हीलर और दोपहिया वाहनों का आवागमन बना रहता है। बावजूद इसके, लंबे समय से सड़क पर बने गहरे गड्ढों की मरम्मत नहीं कराई गई है। जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण गड्ढों में लगातार पानी भरा रहता है, जिससे उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। नतीजतन, वाहन चालक अक्सर इन गड्ढों में फंसकर अपने वाहनों को क्षतिग्रस्त करा रहे हैं, जबकि दोपहिया सवार हादसों का शिकार हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। हैरानी की बात यह है कि प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधियों की गाड़ियां भी रोजाना इसी मार्ग से गुजरती हैं, लेकिन इसके बावजूद सड़क की मरम्मत को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा। इससे कस्बावासियों में भारी नाराजगी है और उन्होंने जल्द से जल्द गड्ढों को भरवाकर समस्या से राहत दिलाने की मांग की है।
