ब्रिक्स सम्मेलन के चलते नोएडा-दिल्ली बॉर्डर सील
चिल्ला, डीएनडी और कालिंदी कुंज से होगा ट्रैफिक डायवर्ट
तेजस न्यूज संवाददाता
दिल्ली में होने वाले ब्रिक्स सम्मले को लेकर गौतमबुद्ध नगर यातायात पुलिस भी पूरी तरह से अलर्ट नजर आ रही हैं। यातायात पुलिस की तरफ से ब्रिक्स सम्मेलन को लेकर एक यातायात प्लान जारी किया गया है। यह यातायात प्लान आगामी 13 सितंबर तक जारी रहेगा। यातायात पुलिस की तरफ से वाहन चालकों से अपील की गई है कि वह ट्रैफिक प्लान के आधार पर वाहनों का संचालन करें। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस ने भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक समेत कई वाहनों के दिल्ली में प्रवेश को पूरी तरह से प्रतिबंध किया गया है।

डीसीपी ट्रैफिक अभय कुमार मिश्र ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए दिल्ली की तरफ जाने वाले वाहनों के लिए विभिन्न स्थानों से डायवर्ट किया गया है। यह डायवर्ट आगामी 13 सितंबर तक लगातार जारी रहेगी। दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन चिल्ला रेड लाइट से यू-टर्न लेकर नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे होकर आगे जाएंगे। वाहन डीएनडी टोल प्लाजा से यू-टर्न लेकर नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे होकर गंतव्य तक जा सकते हैं। दिल्ली की तरफ जाने वाले वाहनों को यमुना नदी से पहले अंडरपास तिराहा से डायवर्ट किया जाएगा। यह वाहन नोएडा और ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे होकर आगे जाएंगे। नोएडा और ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे होकर दिल्ली की तरफ जाने वाले वाहनों को जीरो प्वाइंट से परी चौक, पी-3, कासना और सिरसा होते हुए ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे से आगे भेजा जाएगा। नोएडा और ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे होकर दिल्ली जाने वाले वाहन परीचौक से पी-3, कासना और सिरसा होते हुए ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे से आगे जाएंगे। यमुना एक्सप्रेस-वे से नोएडा और ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे होकर दिल्ली राज्य में प्रवेश कर अन्यत्र जाने वाले वाहनों को फलैदा कट से सर्विस रोड, गलगोटिया और गौतमबुद्ध यूनिवर्सिटी होते हुए पुस्ता तिराहा भेजा जाएगा। इसके बाद वाहन होंडा सीएल चौक, कासना और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे होकर आगे जाएंगे।