स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप

तेजस न्यूज संवाददाता 

मोदीनगर में स्कूल प्रिंसिपल पर भेदभाव के आरोप, थाने में शिकायत के बाद हुआ विरोध प्रदर्शन

गाजियाबाद के मोदीनगर क्षेत्र में एक निजी स्कूल की अध्यापिका द्वारा प्रिंसिपल पर गंभीर आरोप लगाए जाने का मामला सामने आया है। अध्यापिका ने आरोप लगाया है कि उनके साथ धर्म के आधार पर भेदभाव किया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेंट टेरेसा स्कूल में कार्यरत अध्यापिका अरुणा गोस्वामी का कहना है कि स्कूल की प्रिंसिपल उन्हें हाथ पर लिखे “जय श्री राम” टैटू को हटाने के लिए दबाव बना रही हैं। इसके साथ ही माथे पर टीका लगाने और हाथ में कलावा बांधने पर भी आपत्ति जताई जाती है। अध्यापिका का आरोप है कि यह सब उनकी धार्मिक पहचान को लेकर किया जा रहा है।

अध्यापिका ने यह भी दावा किया है कि उनके बच्चे को भी स्कूल से निकाल दिया गया, जिससे उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है। इस पूरे मामले को लेकर उन्होंने थाना मोदीनगर में लिखित शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई है।

वहीं, जैसे ही इस घटना की जानकारी स्थानीय हिंदू संगठनों को मिली, बड़ी संख्या में लोग स्कूल के गेट पर पहुंच गए और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की।

फिलहाल इस पूरे प्रकरण में पुलिस और स्कूल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जा रही है।