बसी में अवैध हथियार से फायरिंग का वीडियो वायरल, गांव में खौफ का माहौल
बसी गांव में एक युवक द्वारा कथित रूप से अवैध हथियार से फायरिंग किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों का आरोप है कि पुलिस को नामजद शिकायत देने के बावजूद अब तक आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया गया, जिससे उसके हौसले और बुलंद हो गए हैं।
बसी में अवैध हथियार से फायरिंग का वीडियो वायरल, गांव में खौफ का माहौल
- नामजद शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में रोष, आरोपी की गिरफ्तारी की मांग तेज
- पहले भी फायरिंग का लगा था आरोप, अब दोबारा वायरल वीडियो से उठे पुलिस कार्रवाई पर सवाल
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
बसी गांव में एक युवक द्वारा कथित रूप से अवैध हथियार से फायरिंग किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों का आरोप है कि पुलिस को नामजद शिकायत देने के बावजूद अब तक आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया गया, जिससे उसके हौसले और बुलंद हो गए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा युवक बसी गांव का निवासी है और वह खुलेआम अवैध असलाह लहराते हुए फायरिंग करता नजर आ रहा है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित होने के बाद गांव में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे लोगों के खिलाफ समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में कोई बड़ी घटना भी हो सकती है। बताया जा रहा है कि यह पहला मामला नहीं है। ग्रामीणों के अनुसार 30 जून को भी इसी युवक पर फायरिंग करने का आरोप लगा था। उस समय भी पुलिस को शिकायत दी गई थी, लेकिन आरोप है कि ठोस कार्रवाई नहीं होने से आरोपी बेखौफ होकर दोबारा ऐसी हरकत करने लगा। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि वायरल वीडियो की तत्काल जांच कर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए, उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जाए, ताकि गांव में कानून व्यवस्था पर लोगों का भरोसा कायम रह सके। उधर, पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और प्राप्त शिकायत की गंभीरता से जांच की जा रही है। वीडियो की सत्यता और अन्य तथ्यों का परीक्षण किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।