जिला अस्पताल में मरीजों के साथ बदसलूकी और इलाज में लापरवाही का आरोप

डीडीआरडब्ल्यूए के वरिष्ठ उपाध्यक्ष ने लगाया लापरवाही का आरोप

जिला अस्पताल में मरीजों के साथ बदसलूकी और इलाज में लापरवाही का आरोप

नोएडा के सेक्टर 39 स्थित जिला अस्पताल एक बार फिर विवादों का केंद्र बन गया है। जिला अस्पताल में मरीजों के साथ दुर्व्यवहार, इलाज में लापरवाही और बदहाल व्यवस्थाओं का गंभीर आरोप लगाया गया है। यह आरोप डीडीआरडब्ल्यूए के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजीव कुमार की तरफ से लगाया गया है।

डीडीआरडब्ल्यूए के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि बीते 9 जुलाई की रात वह अपनी घरेलू सहायिका की बेटी को भर्ती कराने के लिए जिला अस्पताल पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने एक सड़क दुर्घटना में घायल महिला के परिजनों को चिकित्सकों के इंतजार में काफी देर तक परेशान होते देखा। आपातकालीन विभाग में मौजूदा चिकित्सकों ने समय पर मरीज का परीक्षण भी नहीं किया। जिससे परिजन नाराज होकर बिना इलाज कराए अस्पताल से लौट गए। अस्पताल में चिकित्सकों और स्टाफ का व्यवहार मरीजों, विशेषकर गरीब परिवारों के साथ काफी असंवेदनशील है। उनकी घरेलू सहायिका की बेटी को भी सिफारिश के बाद अस्पताल में भर्ती किया गया। अस्पताल में इलाज और स्टाफ के व्यवहार को लेकर परिवार लगातार शिकायत कर रहा है।

सीएम से की है जांच कराने की मांगःसंजीव कुमार

डीडीआरडब्ल्यूए के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, जिलाधिकारी मेधा रूपम और मुख्य चिकित्सा अधिकारी मदन मोहन मणि त्रिपाठी से इस मामले पर जांच कराने की मांग की गई है। हालांकि, अब तक अस्पताल प्रशासन की तरफ से इस मामले में कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।