दुर्गा अष्टमी पर खेकड़ा में निकली मां दुर्गा की भव्य पंखा शोभायात्रा: जयकारों से गूंजा कस्बा, झांकियों ने मोहा मन
दुर्गा अष्टमी के पावन पर्व पर सोमवार को खेकड़ा कस्बे में मां दुर्गा की भव्य पंखा शोभायात्रा पूरे धूमधाम और श्रद्धा के साथ निकाली गई। बैंडबाजों की मधुर धुन, भजन-कीर्तन और मां के जयकारों से पूरा कस्बा भक्तिमय हो उठा। शोभायात्रा में शामिल देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं।
दुर्गा अष्टमी पर खेकड़ा में निकली मां दुर्गा की भव्य पंखा शोभायात्रा: जयकारों से गूंजा कस्बा, झांकियों ने मोहा मन
- बैंडबाजों और भजन-कीर्तन के बीच निकली शोभायात्रा, देवी-देवताओं की झांकियां रहीं आकर्षण का केंद्र
- मुख्य बाजार से होते हुए देर रात बाबा काले सिंह मंदिर पहुंची यात्रा, पूजा-अर्चना के बाद मां को अर्पित किया गया पंखा
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
दुर्गा अष्टमी के पावन पर्व पर सोमवार को कस्बे में मां दुर्गा की भव्य पंखा शोभायात्रा पूरे धूमधाम और श्रद्धा के साथ निकाली गई। बैंडबाजों की मधुर धुन, भजन-कीर्तन और मां के जयकारों से पूरा कस्बा भक्तिमय हो उठा। शोभायात्रा में शामिल देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं।
मां दुर्गा पंखा सेवा समिति के तत्वावधान में निकाली गई शोभायात्रा का शुभारंभ जैन कॉलेज मार्ग स्थित मंडी गांधी गंज से हुआ। यात्रा में मां दुर्गा के भव्य दरबार के साथ राधा-कृष्ण, भगवान गणेश और शिव-पार्वती की मनमोहक झांकियां शामिल रहीं। बैंडबाजों और भजन मंडलियों के साथ श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते हुए आगे बढ़ते रहे। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। शोभायात्रा मुख्य बाजार, पांडव चौक, यादव चौक, अहिरान मोहल्ले और रेलवे रोड से होते हुए देर रात बाबा काले सिंह मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के बाद मां दुर्गा को पंखा अर्पित किया गया। श्रद्धालुओं ने मां भगवती के चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद लिया। शोभायात्रा में राजकुमार शर्मा, तरुण गुप्ता, राजू गुप्ता, कुनाल सिंघल, अंकित जैन, अंशुल गुप्ता, देवांश सहित समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल रहे।


