एचपीवी टीकाकरण में बागपत का प्रदेश में डंका, 82% कवरेज के साथ यूपी में दूसरा स्थान
सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए चलाए जा रहे एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान में बागपत ने उत्तर प्रदेश में नई मिसाल कायम कर दी है। 82 प्रतिशत टीकाकरण कवरेज के साथ जनपद ने पूरे प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया है। इस उल्लेखनीय सफलता के लिए जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली पांच आशा कार्यकर्ताओं और अभियान से जुड़े स्वास्थ्य अधिकारियों को कलेक्ट्रेट सभागार में सम्मानित किया।
एचपीवी टीकाकरण में बागपत का प्रदेश में डंका, 82% कवरेज के साथ यूपी में दूसरा स्थान
- 15,885 के लक्ष्य में 13,024 किशोरियों को मिला सुरक्षा कवच, उत्कृष्ट कार्य करने वाली आशा बहनों व स्वास्थ्य अधिकारियों का हुआ सम्मान
बागपत, तेजस न्यूज रिपोर्टर
सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए चलाए जा रहे एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान में बागपत ने उत्तर प्रदेश में नई मिसाल कायम कर दी है। 82 प्रतिशत टीकाकरण कवरेज के साथ जनपद ने पूरे प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया है। इस उल्लेखनीय सफलता के लिए जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली पांच आशा कार्यकर्ताओं और अभियान से जुड़े स्वास्थ्य अधिकारियों को कलेक्ट्रेट सभागार में सम्मानित किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह उपलब्धि पूरे स्वास्थ्य विभाग की सामूहिक मेहनत, प्रभावी रणनीति और जनसहभागिता का परिणाम है। उन्होंने स्वास्थ्य टीम का उत्साहवर्धन करते हुए अब बागपत को प्रदेश में प्रथम स्थान दिलाने के लिए अभियान को और तेज करने के निर्देश दिए।
प्रदेश के औसत से ढाई गुना बेहतर प्रदर्शन
5 अगस्त 2026 तक की राज्य स्तरीय रिपोर्ट के अनुसार बागपत में 15,885 पात्र किशोरियों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित था, जिसके सापेक्ष 13,024 किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाई जा चुकी है। इस तरह जनपद ने 82 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की है। प्रदेश में केवल हाथरस (93.3%) ही बागपत से आगे है, जबकि अंबेडकर नगर (72%) तीसरे स्थान पर है। विशेष बात यह रही कि जहां पूरे उत्तर प्रदेश में एचपीवी टीकाकरण का औसत 31.5 प्रतिशत रहा, वहीं बागपत ने इस औसत से ढाई गुना अधिक प्रदर्शन कर प्रदेश के अग्रणी जिलों में अपनी मजबूत पहचान बनाई।
ब्लॉकवार प्रदर्शन भी रहा शानदार
टीकाकरण अभियान में बागपत, बड़ौत और बिनौली ब्लॉक लगभग शत-प्रतिशत उपलब्धि के साथ सबसे आगे रहे।
बागपत ब्लॉक: 99.8%
बड़ौत ब्लॉक: 99.7%
बिनौली ब्लॉक: 99.7%
खेकड़ा ब्लॉक: 80.2%
छपरौली ब्लॉक: 72.9%
पिलाना ब्लॉक: 69.3%
अधिकारियों ने बताया कि जिन ब्लॉकों में लक्ष्य अभी शेष है, वहां विशेष अभियान चलाकर सभी पात्र किशोरियों का जल्द टीकाकरण कराया जाएगा।
घर-घर पहुंचीं आशा बहनें, तो टूटी झिझक और बढ़ा भरोसा
अभियान की सफलता में सबसे अहम भूमिका आशा कार्यकर्ताओं की रही। उन्होंने गांव-गांव और घर-घर जाकर अभिभावकों को एचपीवी संक्रमण और सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए टीकाकरण का महत्व समझाया तथा भ्रांतियों को दूर किया। उत्कृष्ट कार्य के लिए सोनिया, सुनीता कश्यप, अनीता, अर्चना और सरिता को प्रशस्ति-पत्र, शॉल एवं मिक्सर ग्राइंडर देकर सम्मानित किया गया।
बेहतर रणनीति के लिए अधिकारियों का भी सम्मान
अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. सुरुचि शर्मा, सीएचसी बिनौली के अधीक्षक डॉ. अमित कुमार और बीपीएम प्रवीण कुमार को भी प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। माइक्रोप्लानिंग, नियमित मॉनिटरिंग और टीम समन्वय की बदौलत बागपत ने प्रदेश में यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।
डीएम बोलीं— यह पूरी स्वास्थ्य टीम के समर्पण की जीत
जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने कहा कि एचपीवी टीकाकरण अभियान में उत्कृष्ट कार्य के लिए उन्हें पहले ही माननीय राज्यपाल द्वारा सम्मानित किया जा चुका है, लेकिन यह सम्मान किसी एक व्यक्ति का नहीं बल्कि पूरे स्वास्थ्य विभाग, चिकित्सा अधिकारियों, एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं और फील्ड कर्मचारियों की अथक मेहनत का सम्मान है। उन्होंने विश्वास जताया कि इसी टीम भावना और जनसहयोग के बल पर बागपत जल्द ही एचपीवी टीकाकरण में उत्तर प्रदेश का नंबर-1 जनपद बनेगा।

