इंटेलिजेंस ब्यूरो अधिकारी व बहन की संदिग्ध हालत में मौत,पुलिस जाँच में जुटी
कविनगर थाना क्षेत्र के गोविंदपुरम कॉलोनी में गुरुवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक मकान के भीतर इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) में तैनात अधिकारी अविनाश कुमार सिंह (30) और उनकी बहन अंजली (23) के शव संदिग्ध अवस्था में मिले। कमरे से तेज़ सल्फॉस की दुर्गंध आ रही थी,
तेजेश चौहान, तेजस, गाजियाबाद
इंटेलिजेंस ब्यूरो अधिकारी व बहन की संदिग्ध हालत में मौत,पुलिस जाँच में जुटी
(कमरा अंदर से बंद, सल्फॉस की दुर्गंध से अंदेशा; मां की चीख सुनकर जुटे पड़ोसी)

गाजियाबाद,
कविनगर थाना क्षेत्र के गोविंदपुरम कॉलोनी में गुरुवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक मकान के भीतर इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) में तैनात अधिकारी अविनाश कुमार सिंह (30) और उनकी बहन अंजली (23) के शव संदिग्ध अवस्था में मिले। कमरे से तेज़ सल्फॉस की दुर्गंध आ रही थी, जिससे आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है।
घटना गोविंदपुरम स्थित मकान संख्या H-352 की है। बताया जा रहा है कि घटना के समय दोनों की मां घर से बाहर थीं। शाम करीब 5 बजे जब वह लौटीं तो दरवाजा अंदर से बंद मिला और कई बार कॉल करने पर भी कोई जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका के चलते जब खिड़की से झांका गया, तो दोनों भाई-बहन जमीन पर बेसुध पड़े दिखे। शोर सुनकर आसपास के लोग जुटे और एक वेल्डर को बुलाकर दरवाजा काटा गया। दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं किया है। कमरे में सल्फॉस की तीव्र गंध से यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि दोनों की मौत जहरीली गैस से हुई है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मोबाइल फोन व अन्य डिजिटल उपकरणों की जांच की जा रही है।

परिजनों के अनुसार अविनाश दिल्ली में इंटेलिजेंस ब्यूरो में तैनात थे और उनके पिता सुखबीर सिंह गोवा स्थित CSIR में वैज्ञानिक हैं। अंजली अभी पढ़ाई कर रही थी। परिवार पिछले करीब 20 वर्षों से गाजियाबाद में रह रहा है। घटना के बाद मां गहरे सदमे में हैं और फिलहाल परिजनों ने किसी भी तरह की पुलिस कार्रवाई से इनकार कर दिया है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल सभी पहलुओं पर जांच जारी है।