अखंड भारत संकल्प यात्रा से भगवामय हुआ खेकड़ा
खेकड़ा में हिंदू संगठनों के तत्वावधान में रविवार को अखंड भारत संकल्प यात्रा के तहत भगवा मोटरसाइकिल रैली का भव्य आयोजन किया गया। यात्रा के दौरान कस्बे की सभी मुख्य सड़कें भगवा रंग में रंगी नजर आईं और जयकारों से पूरा कस्बा गूंजायमान हो उठा। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने यात्रा पर पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया।
अखंड भारत संकल्प यात्रा से भगवामय हुआ खेकड़ा
– विशालकाय तिरंगे के साथ गूंजे भारत माता की जय के नारे, पुष्प वर्षा से हुआ स्वागत
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
हिंदू संगठनों के तत्वावधान में रविवार को अखंड भारत संकल्प यात्रा के तहत भगवा मोटरसाइकिल रैली का भव्य आयोजन किया गया। यात्रा के दौरान कस्बे की सभी मुख्य सड़कें भगवा रंग में रंगी नजर आईं और जयकारों से पूरा कस्बा गूंजायमान हो उठा। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने यात्रा पर पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया।
गांधी गंज मंडी से यात्रा का शुभारंभ अंतरराष्ट्रीय ध्यान गुरु पूज्य स्वामी दीपांकर जी महाराज ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि अखंड भारत का संकल्प हमारी संस्कृति, विरासत और एकता का प्रतीक है। जब तक हम अपनी जड़ों से जुड़े नहीं रहेंगे, तब तक राष्ट्र की मजबूती संभव नहीं। यात्रा में सैकड़ों मोटरसाइकिल सवार भगवा झंडे लहराते हुए शामिल हुए। डीजे पर देशभक्ति गीतों और श्रीराम के भजनों के बीच जगह-जगह “हर हर महादेव” और “भारत माता की जय” के जयघोष गूंजते रहे। कस्बे के मुख्य मार्गों से गुजरी इस रैली का लोगों ने घरों की छतों और दुकानों से पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ यात्रा में शामिल रही। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने भारी पुलिस बल तैनात किया। यात्रा में सबसे आगे विशालकाय तिरंगा हाथों में लिए कार्यकर्ता चलते हुए “भारत माता की जय” और “वंदेमातरम” के नारे लगाते रहे। इस विशाल तिरंगे ने रैली को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। यात्रा में नगरपालिका चेयरपर्सन प्रतिनिधि सुनील धामा, जिला पंचायत सदस्य मनुपाल बंसल, नगर भाजपा अध्यक्ष संदीप प्रजापति, मधुसूधन शास्त्री, अंकित बडौली, आदेश धामा, नरेश शर्मा, चन्द्रमोहन दहिया, किशन गुप्ता, प्रियंका आर्या, दीपक शर्मा सहित विहिप, हिंदू जागरण मंच, बजरंग दल और भाजपा से जुड़े कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल रहे। पूरे कस्बे में इस दौरान भगवा रंग की छटा बिखरी रही और मानो खेकड़ा पूरी तरह भगवामय हो गया हो।


