गाजियाबाद: पति ने पत्नी को गोली मारकर की हत्या, घरेलू विवाद बनी वजह
तेजस न्यूज संवाददाता
गाजियाबाद: पति ने पत्नी को गोली मारकर की हत्या, घरेलू विवाद बना वजह
गाजियाबाद।
दिल्ली से सटे गाजियाबाद के नंदग्राम थाना क्षेत्र के राजनगर एक्सटेंशन स्थित अजनारा इंटीग्रिटी अपार्टमेंट में सोमवार रात पति-पत्नी के बीच हुए झगड़े के दौरान एक दर्दनाक घटना सामने आई। पति ने विवाद के दौरान अपनी पत्नी को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय घर में उनकी मासूम बच्ची भी मौजूद थी।

पड़ोसियों ने गोली चलने की आवाज सुनते ही पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची थाना नंदग्राम पुलिस ने घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस संबंध में सहायक पुलिस आयुक्त (नंदग्राम) उपासना पांडेय ने जानकारी दी कि दिनांक 14.10.2025 को थाना नंदग्राम पर सूचना प्राप्त हुई कि राजनगर एक्सटेंशन के अजनारा इंटीग्रिटी अपार्टमेंट में विकास सहरावत ने अपनी पत्नी को गोली मार दी है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर महिला को अस्पताल भेजा, जहां उसे मृत घोषित किया गया। पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था और आज भी उनका झगड़ा हुआ था। परिजनों से तहरीर प्राप्त कर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया जाएगा। फिलहाल आरोपी पति फरार है। उसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें लगी हुई हैं।”
पुलिस ने मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिशें दी जा रही हैं।