अटल जयंती पर जनपद स्तरीय प्रतियोगिताओं के विजेताओं का हुआ सम्मान

राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, विजय नगर, गाजियाबाद के सभागार में जनपद स्तरीय काव्य पाठ, भाषण एवं निबंध प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं का पुरस्कार वितरण कार्यक्रम एवं अटल जयंती समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया।

अटल जयंती पर जनपद स्तरीय प्रतियोगिताओं के विजेताओं का हुआ सम्मान

तेजस न्यूज संवाददाता

अटल जयंती पर जनपद स्तरीय प्रतियोगिताओं के विजेताओं का हुआ सम्मान

गाजियाबाद।
विचारों के संवाहक, मूल्यों के प्रहरी और लोकतंत्र के सच्चे साधक भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के जन्म शताब्दी वर्ष (25 दिसंबर 2024 से 25 दिसंबर 2025) के अवसर पर शासन के निर्देशानुसार गुरुवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, विजय नगर, गाजियाबाद के सभागार में जनपद स्तरीय काव्य पाठ, भाषण एवं निबंध प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं का पुरस्कार वितरण कार्यक्रम एवं अटल जयंती समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक एवं मुख्य अतिथि संजीव शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल, कांशीराम राजकीय महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर संगीता गुप्ता एवं जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेंद्र शर्मा द्वारा माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर अटल जी की जयंती का सजीव प्रसारण भी देखा गया। वक्ताओं ने अपने संबोधन एवं कविताओं के माध्यम से अटल बिहारी वाजपेयी जी के राष्ट्र निर्माण में योगदान का स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी की उपलब्धियों से विद्यार्थियों को परिचित कराने के उद्देश्य से “सुशासन का महत्व” विषय पर जनपद स्तरीय भाषण एवं निबंध प्रतियोगिता तथा अटल जी की प्रमुख कविताओं पर आधारित एकल काव्य पाठ प्रतियोगिता आयोजित की गई। विजेता छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि संजीव शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल, प्राचार्य प्रोफेसर संगीता गुप्ता एवं महानगर अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी  मयंक गोयल द्वारा क्रमशः ₹10,000, ₹5,000 एवं ₹2,500 की पुरस्कार राशि के चेक प्रदान किए गए। भाषण एवं काव्य पाठ प्रतियोगिता के विजेताओं ने अपने ओजपूर्ण वक्तव्य और कविताएं पुनः प्रस्तुत कर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।

कार्यक्रम में ठाकुर द्वारा पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया।
भाषण प्रतियोगिता में कांशीराम राजकीय महाविद्यालय, नंदग्राम की छात्रा चेतन कोरंगा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि शंभू दयाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय की सफलता द्वितीय तथा वीएमएलजी महाविद्यालय की हर्षिता गौड़ तृतीय स्थान पर रहीं। एकल काव्य पाठ प्रतियोगिता में एमएमएच कॉलेज के धीरज बहुगुणा प्रथम, गिन्नी देवी मेमोरियल कॉलेज की कनिका शर्मा द्वितीय एवं शंभू दयाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय की कोमल तृतीय स्थान पर रहीं। सभी विजेताओं को पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

मुख्य अतिथि ने विजेता छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के आयोजन एवं संचालन में नोडल अधिकारी प्रोफेसर संगीता गुप्ता, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज विजय नगर की प्रधानाचार्या सहित सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।