28 और 29 नवंबर को कंट्रोल रूम के माध्यम से होगी निगरानीःडीएम
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 को लेकर की समीक्षा बैठक
तेजस न्यूज संवाददाता
ग्रेटर नोएडा स्थित एनआईसी सभागार में जिला प्रशासन, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ एक बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक जिलाधिकारी और जिला निर्वाचन अधिकारी मेधा रूपम के नेतृत्व में आयोजित की गई। इस बैठक के दौरान विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान मतदाता सूची में पात्र नागरिकों के पंजीकरण, प्राप्त दावों और आपत्तियों, ऑफलाइन प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन और बीएलओ के कार्यों की प्रगति के अलावा शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जन जागरूकता अभियान चलाने पर भी चर्चा की गई।

जिलाधिकारी और जिला निर्वाचन अधिकारी मेधा रूपम ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल करना है। इसके अलावा शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों व्यापक जन संपर्क और जन जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाए। बहुमंजिला आवासीय परिसरों, सोसायटियों और अन्य शहरी क्षेत्रों में आरडब्ल्यूए, एओए, औद्योगिक और व्यापारिक संगठनों, बार एसोसिएशन, शैक्षणिक संस्थानों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के अलावा प्रिंय और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाया जाए। विशेष रूप से 18 और 19 साल की आयु पूरी कर चुके युवाओं और अन्य पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए जागरूक किया जाए।
28 और 29 नवंबर को चलेगा विशेष अभियान
जिलाधिकारी और जिला निर्वाचन अधिकारी मेधा रूपम ने बताया कि आगामी 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान प्रत्येक मतदान केंद्रों पर बीएलओ की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। अभियान की प्रभावी निगरानी के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएंगे। संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और सुपरवाइजर निर्धारित क्षेत्रों में जाकर घर-घर संपर्क की स्थिति और पात्र मतदाताओं से प्राप्त प्रपत्रों की जांच करेंगे। फार्म-6 के माध्यम से नया नाम शामिल करने, फार्म-7 के माध्यम से नाम अपमार्जित कराने और फार्म-8 के माध्यम से मतदाता सूची में संशोधन और निवास परिवर्तन के लिए आवेदन किया जा सकता है। इसके अलावा भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट https://voters.eci.gov.in/ और ईसीआईनेट मोबाइल ऐप के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। इस मौके पर यमुना प्राधिकरण के एसीईओ कृष्ण सिंह, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह, नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी इंदु प्रकाश सिंह, यमुना सिटी के एसडीएम अभिषेक शाही, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी मुकेश कुमार सिंह, डिप्टी कलेक्टर पूर्वा शर्मा, तहसीलदार जेवर राधेश्याम, तहसीलदार दादरी कृष्ण कुमार चौरसिया और तहसीलदार सदर पूजा चौधरी समेत कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।