रटौल नगर पंचायत अध्यक्ष पद की हाजी मुंतजिर ने ली शपथ

रटौल नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए हाजी मुंतजिर ने सोमवार को विधिवत शपथ ग्रहण की। एसडीएम खेकड़ा निकेत वर्मा ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ लेने के बाद हाजी मुंतजिर ने कहा कि रटौल कस्बे का सर्वांगीण विकास उनकी पहली प्राथमिकता रहेगा और नगर पंचायत में आने वाले प्रत्येक नागरिक को पूरा सम्मान दिया जाएगा।

रटौल नगर पंचायत अध्यक्ष पद की हाजी मुंतजिर ने ली शपथ

रटौल नगर पंचायत अध्यक्ष पद की हाजी मुंतजिर ने ली शपथ
कहा: कस्बे का विकास और हर व्यक्ति का सम्मान मेरी प्राथमिकता
बोले: खून का एक-एक कतरा रटौल के लिए समर्पित
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
रटौल नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए हाजी मुंतजिर ने सोमवार को विधिवत शपथ ग्रहण की। एसडीएम खेकड़ा निकेत वर्मा ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ लेने के बाद हाजी मुंतजिर ने कहा कि रटौल कस्बे का सर्वांगीण विकास उनकी पहली प्राथमिकता रहेगा और नगर पंचायत में आने वाले प्रत्येक नागरिक को पूरा सम्मान दिया जाएगा।
दरअसल, नगर पंचायत अध्यक्ष रहे जुनैद फरीदी का नामांकन पत्र और शपथ पत्र अदालत के आदेश पर निरस्त कर दिया गया था। इसके बाद न्यायालय के निर्देश और निर्वाचन आयोग व जिला प्रशासन के आदेश पर चुनाव में दूसरे स्थान पर रहे हाजी मुंतजिर को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। सोमवार सुबह आयोजित कार्यक्रम में एसडीएम निकेत वर्मा ने उन्हें शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के बाद हाजी मुंतजिर ने रटौल की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लगभग दो वर्षों के संघर्ष के बाद न्यायालय में जनता के हित की जीत हुई है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है और वे कस्बे के विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि रटौल की जनता को अब किसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। जनता जब भी उन्हें पुकारेगी, वे हमेशा उपलब्ध रहेंगे और उनका घर 24 घंटे लोगों के लिए खुला रहेगा। कार्यक्रम के बाद उत्साहित समर्थकों ने हाजी मुंतजिर को कंधों पर बैठाकर जुलूस के रूप में उनके आवास तक पहुंचाया। इस मौके पर एएलसी प्रशांत चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार रटौल के विकास के लिए हरसंभव प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि जनता ने अपने बीच के व्यक्ति को चुना है, जिसने बेईमानी के खिलाफ आवाज उठाई और अन्याय के विरुद्ध लड़कर न्याय हासिल किया। कार्यक्रम में ईओ आस्था पाठक, सीओ खेकड़ा रोहन, भाजपा नेता प्रशांत चौधरी, ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि परवेन्द्र धामा, प्रवीण प्रधान, पूर्व जिलाध्यक्ष सूरज सिंह, मंडल अध्यक्ष मंजीत गुर्जर, करतार सिंह, चौधरी मुजम्मिल, चौधरी शहजाद, इरशाद सिद्दीकी, ताहिर, हसमत चौधरी, मौसीन मलिक, उबैद उल्ला, नजारत चौधरी, मनोज अग्रवाल, मास्टर देवेंद्र सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।