छात्रों की आवाज दबाने के बजाय उनकी समस्याएं सुने सरकार : सभासद
दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में खेकड़ा नगर पालिका परिषद के सभासदों ने क्षेत्राधिकारी (सीओ) को ज्ञापन सौंपकर छात्रों की समस्याओं का लोकतांत्रिक तरीके से समाधान कराने की मांग की। सभासदों ने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रखने वाले विद्यार्थियों की आवाज दबाने के बजाय सरकार को उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनना चाहिए।
छात्रों की आवाज दबाने के बजाय उनकी समस्याएं सुने सरकार : सभासद
- जंतर-मंतर आंदोलन के समर्थन में सीओ को सौंपा ज्ञापन, निष्पक्ष जांच और लोकतांत्रिक समाधान की मांग
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में खेकड़ा नगर पालिका परिषद के सभासदों ने क्षेत्राधिकारी (सीओ) को ज्ञापन सौंपकर छात्रों की समस्याओं का लोकतांत्रिक तरीके से समाधान कराने की मांग की। सभासदों ने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रखने वाले विद्यार्थियों की आवाज दबाने के बजाय सरकार को उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनना चाहिए।
ज्ञापन में सभासदों ने कहा कि विद्यार्थी देश की सबसे बड़ी ताकत और भविष्य के निर्माता हैं। ऐसे में उनके साथ संवेदनशीलता, सम्मान और लोकतांत्रिक भावना के अनुरूप व्यवहार किया जाना चाहिए। जंतर-मंतर पर अपने अधिकारों, भविष्य और न्याय की मांग कर रहे छात्रों के साथ कथित दुर्व्यवहार की खबरों पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी छात्र या छात्रा के साथ अनावश्यक बल प्रयोग या दुर्व्यवहार की शिकायत सामने आती है तो उसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। सभासदों ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी राजनीतिक दल या व्यक्ति के खिलाफ राजनीति करना नहीं, बल्कि देश के युवाओं और विद्यार्थियों के अधिकारों तथा उनके भविष्य की सुरक्षा के पक्ष में आवाज उठाना है। उन्होंने कहा कि भारत का संविधान प्रत्येक नागरिक को शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने का अधिकार देता है। लोकतंत्र में असहमति की आवाज को दबाने के बजाय संवाद के माध्यम से समाधान निकाला जाना चाहिए। सभासदों ने सरकार से अपील की कि छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार कर उचित समाधान निकाला जाए। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों पर लाठीचार्ज या किसी भी प्रकार की कठोर कार्रवाई लोकतांत्रिक भावना के अनुरूप नहीं है। इस दौरान सभासद गजेंद्र सिंह धामा, मेहताब, बबीता धामा, रूबी धामा, महक सिंह, संजय समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने देशवासियों से भाईचारा बनाए रखने तथा भारत की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने की अपील की।