ग्रेटर नोएडा अग्निकांड के वीर दमकल जवानों को 'शहीद' का दर्जा देने की मांग, सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
ग्रेटर नोएडा की एक औद्योगिक इकाई में भीषण आग बुझाने के दौरान कर्तव्य पथ पर अपने प्राणों की आहुति देने वाले दमकल विभाग के दो वीर जवानों को 'शहीद' का दर्जा दिए जाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। बागपत के सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर दोनों जवानों के सर्वोच्च बलिदान का सम्मान करने तथा उनके परिवारों को शहीद पुलिस कर्मियों के समान सभी अधिकार और सुविधाएं प्रदान करने की मांग की है।
ग्रेटर नोएडा अग्निकांड के वीर दमकल जवानों को 'शहीद' का दर्जा देने की मांग, सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
- कर्तव्य निभाते हुए जान गंवाने वाले रोहित यादव और तीर्थपाल सिंह तोमर को राजकीय सम्मान, सरकारी नौकरी व सभी सुविधाएं देने की उठाई मांग
बागपत, तेजस न्यूज रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा की एक औद्योगिक इकाई में भीषण आग बुझाने के दौरान कर्तव्य पथ पर अपने प्राणों की आहुति देने वाले दमकल विभाग के दो वीर जवानों को 'शहीद' का दर्जा दिए जाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। बागपत के सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर दोनों जवानों के सर्वोच्च बलिदान का सम्मान करने तथा उनके परिवारों को शहीद पुलिस कर्मियों के समान सभी अधिकार और सुविधाएं प्रदान करने की मांग की है।
सांसद ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि बागपत निवासी आरक्षी रोहित यादव और ग्राम हिलवाड़ी निवासी आरक्षी तीर्थपाल सिंह तोमर ग्रेटर नोएडा की फैक्ट्री में लगी भीषण आग पर काबू पाने और बचाव अभियान के दौरान अदम्य साहस का परिचय देते हुए वीरगति को प्राप्त हुए। उन्होंने बताया कि दमकल टीम ने अपनी जान जोखिम में डालकर फैक्ट्री में फंसे सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया था, लेकिन आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाने के प्रयास के दौरान अत्यधिक तापमान और लगातार पानी डाले जाने से भवन की दीवार और लोहे की बीम अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से दोनों जवानों ने सर्वोच्च बलिदान दे दिया। डॉ. सांगवान ने कहा कि दोनों दमकल कर्मियों ने अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए जन-जीवन और संपत्ति की रक्षा के लिए असाधारण साहस, समर्पण और राष्ट्रसेवा का परिचय दिया। उनका बलिदान केवल दमकल विभाग ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा। सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने कहा कि जो जवान दूसरों की जान बचाने के लिए अपने प्राण न्योछावर कर देते हैं, उनका सम्मान पूरे समाज और सरकार का दायित्व है। उन्होंने मुख्यमंत्री से दोनों वीर सपूतों के बलिदान के अनुरूप संवेदनशील और सम्मानजनक निर्णय लेने का आग्रह किया।
सांसद की प्रमुख मांगें
वीरगति प्राप्त आरक्षी रोहित यादव और आरक्षी तीर्थपाल सिंह तोमर को 'शहीद' का दर्जा दिया जाए।
उनके परिजनों को शहीद पुलिस कर्मियों के परिवारों के समान सभी अधिकार, सम्मान, आर्थिक सहायता एवं अन्य सुविधाएं प्रदान की जाएं।
राज्य सरकार की ओर से निर्धारित अनुग्रह राशि और अन्य आर्थिक सहायता तत्काल उपलब्ध कराई जाए।
प्रत्येक परिवार के एक पात्र सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए।
दोनों वीर जवानों का अंतिम सम्मान पूर्ण राजकीय गरिमा और सम्मान के साथ सुनिश्चित किया जाए।