खेकड़ा में अवैध हुक्का बार पर पुलिस का छापा
खेकड़ा कस्बे में पाठशाला रोड स्थित एक कैफे की दूसरी मंजिल पर अवैध रूप से संचालित हुक्का बार पर पुलिस ने छापा मारकर कार्रवाई की। पुलिस ने मौके से आठ हुक्के बरामद करते हुए बार संचालक को गिरफ्तार कर लिया।
खेकड़ा में अवैध हुक्का बार पर पुलिस का छापा
- कैफे की दूसरी मंजिल पर चल रहा था हुक्का बार
- पुलिस ने आठ हुक्के बरामद कर संचालक को किया गिरफ्तार
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
कस्बे में पाठशाला रोड स्थित एक कैफे की दूसरी मंजिल पर अवैध रूप से संचालित हुक्का बार पर पुलिस ने छापा मारकर कार्रवाई की। पुलिस ने मौके से आठ हुक्के बरामद करते हुए बार संचालक को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार पाठशाला रोड पर स्थित एक कैफे के द्वितीय तल पर लंबे समय से अवैध रूप से हुक्का बार संचालित किया जा रहा था। ग्राहकों के बैठने के लिए वहां सोफे, कुर्सियां और मेज की व्यवस्था की गई थी, जबकि भुगतान लेने के लिए अलग से काउंटर भी बनाया गया था। कोतवाली प्रभारी प्रभाकर कैंतूरा ने बताया कि रविवार देर शाम पुलिस को अवैध हुक्का बार चलने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। छापे के दौरान वहां कोई ग्राहक हुक्का पीते हुए नहीं मिला, लेकिन बार संचालक काउंटर पर मौजूद था और मौके से आठ हुक्के बरामद किए गए। जब संचालक से हुक्का बार चलाने का लाइसेंस मांगा गया तो वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने सभी हुक्कों को कब्जे में लेते हुए संचालक नवजीत को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को आरोपी का तंबाकू उत्पाद अधिनियम के तहत चालान कर दिया गया।