गौ सेवक से लूट, रटोल में किसान की सरसों चोरी
खेकड़ा क्षेत्र में आपराधिक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। डगरपुर गांव में गौशाला कर्मचारी से लूट की वारदात सामने आई है, वहीं रटोल गांव में किसान की हजारों रुपये कीमत की सरसों चोरी कर ली गई। दोनों मामलों की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
गौ सेवक से लूट, रटोल में किसान की सरसों चोरी
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
क्षेत्र में आपराधिक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। डगरपुर गांव में गौशाला कर्मचारी से लूट की वारदात सामने आई है, वहीं रटोल गांव में किसान की हजारों रुपये कीमत की सरसों चोरी कर ली गई। दोनों मामलों की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
मेरठ निवासी कमलकांत डगरपुर गांव स्थित गौशाला में गायों की सेवा करता है। बुधवार शाम वह ड्यूटी समाप्त कर अपने घर मेरठ लौट रहा था। जैसे ही वह गांव के बाहर नहर की पटरी पर पहुंचा, घात लगाए बैठे बदमाशों ने उसे पकड़ लिया और उसके पास से करीब 1600 रुपये नकद व मोबाइल फोन लूट लिया। घटना के बाद पीड़ित ने किसी तरह पुलिस को सूचना दी। उधर, रटोल गांव में भी चोरी की वारदात सामने आई है। बुधवार रात अज्ञात चोरों ने किसान हबीब के खेत से करीब 12 कुंतल सरसों चोरी कर ली। सुबह जानकारी होने पर पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। कोतवाली प्रभारी प्रभाकर कैंतूरा ने बताया कि दोनों मामलों में तहरीर प्राप्त हो गई है और आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम जुटा दी गई है। जल्द ही घटनाओं का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।