महिला ने ससुराल पक्ष पर मारपीट व उत्पीड़न का लगाया आरोप, रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग
खेकड़ा क्षेत्र की एक महिला ने अपने पति व ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता ने मारपीट, उत्पीड़न और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
महिला ने ससुराल पक्ष पर मारपीट व उत्पीड़न का लगाया आरोप, रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
क्षेत्र की एक महिला ने अपने पति व ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता ने मारपीट, उत्पीड़न और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
महिला की शादी करीब 20 वर्ष पूर्व गाजियाबाद निवासी युवक से हुई थी। दंपति की एक आठ वर्षीय पुत्री है, जिसका जन्म आईवीएफ तकनीक से हुआ बताया गया है। महिला का आरोप है कि इसके बाद से ही पति व ससुराल पक्ष उसे ताने देते थे और पुत्र न होने को लेकर प्रताड़ित करते थे। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसका पति नशे का आदी है और अक्सर उसके साथ मारपीट करता है। 27 मार्च 2026 को भी नशे की हालत में उसके साथ मारपीट की गई। घटना के बाद महिला ने अपने परिजनों को सूचना दी, जिस पर उसका भाई उसे अपने घर ले गया। आरोप है कि 29 मार्च को पति उसके मायके पहुंचा और वहां भी उसके साथ मारपीट की, जिससे उसे गर्दन, छाती और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें आईं। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया। सूचना पर पुलिस ने महिला का उपचार कराया और जिला अस्पताल में उसका सीटी स्कैन भी कराया गया। वहीं, आरोप है कि 2 अप्रैल को ससुर पुनः महिला के घर पहुंचे और उसे मामला वापस लेने के लिए दबाव बनाते हुए धमकी दी। पीड़िता ने पति, ससुर व अन्य आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।