मुठभेड़ के दौरान वाहन चोर गैंग का पर्दाफाश तीन शातिर चोर गिरफ्तार
थाना नंदग्राम पुलिस ने वाहन चोर गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक शातिर वाहन चोर को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है जबकि उसके दो साथियों को भी दबोच लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9 चोरी की मोटरसाइकिलें, एक मोटरसाइकिल के कटे हुए पुर्जे, एक अवैध तमंचा बरामद किया
तेजेश चौहान तेजस
पुलिस मुठभेड़ में वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, तीन शातिर वाहन चोर गिरफ्तार
गाजियाबाद। थाना नंदग्राम पुलिस ने वाहन चोर गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक शातिर वाहन चोर को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है जबकि उसके दो साथियों को भी दबोच लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9 चोरी की मोटरसाइकिलें, एक मोटरसाइकिल के कटे हुए पुर्जे, एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।

इस बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए जियाउद्दीन अहमद सहायक पुलिस आयुक्त ने बताया कि थाना नंदग्राम प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह की टीम 14 मई 2026 को क्षेत्र में वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि रोटरी गोल चक्कर के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार तीन संदिग्ध किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन बदमाशों ने भागने की कोशिश की। पीछा करने पर एक आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र से मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें सुनसान स्थानों पर छिपाकर रखते थे। बाद में इन वाहनों को बेच दिया जाता था और जो वाहन नहीं बिकते थे, उन्हें काटकर कबाड़ी को बेच दिया जाता था।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनिल कुमार निवासी नंदग्राम, मोहित उर्फ रोहित उर्फ तीर तथा सत्य प्रकाश के रूप में हुई है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है तथा आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।