महर्षि नगर में 108 कुंडीय भारत उत्कर्ष महायज्ञ शुरू

विश्व शांति और राष्ट्र की समृद्धि के लिए 140 करोड़ आहुतियों का संकल्प

महर्षि नगर में 108 कुंडीय भारत उत्कर्ष महायज्ञ शुरू

तेजस न्यूज संवाददाता

नोएडा के सेक्टर 110 स्थित महर्षि नगर में 108 कुंडीय भारत उत्कर्ष महायज्ञ का शुभारंभ किया गया। महर्षि आश्रम में आयोजित यह नौ दिवसीय धार्मिक महायज्ञ और आध्यात्मिक कार्यक्रम पांच दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा। महायज्ञ का आयोजन शंकराचार्य स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। यह जानकारी महर्षि नगर में आयोजित महर्षि महेश योगी संस्थान के अध्यक्ष अजय प्रकाश श्रीवास्तव ने प्रेस वार्ता के दौरान दी।

महर्षि महेश योगी संस्थान के अध्यक्ष अजय प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि विश्व शांति, राष्ट्र की समृद्धि, मानव कल्याण और भारत की प्रगति के लिए 140 करोड़ पवित्र आहुतियां अर्पित करने का संकल्प लिया गया है। महायज्ञ का एक प्रमुख उद्देश्य बच्चों को सनातन संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जोड़ना भी है। आयोजन के दौरान रोजाना सुबह साढ़ नौ बजे से 108 कुंडीय महायज्ञ किया जाएगा। इसके साथ ही देवी कृष्ण प्रिया कथा का वाचन भी करेंगी। धार्मिक अनुष्ठानों के अलावा उत्तर प्रदेश की लोक संस्कृति और पारंपरिक कलाओं के लिए भी आयोजन में विशेष स्थान दिया गया है। प्रदेश के विभिन्न जिलों से आने वाले लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से क्षेत्रीय संस्कृति और परंपराओं की झलक दिखाएंगे।

कलश यात्रा के साथ हो चुकी है आयोजन की शुरूआत

महर्षि नगर में इस आयोजन की शुरूआत कलश यात्रा के साथ की गई। शुक्रवार से रोजाना सुबह साढ़े नौ बजे से 108 कुंडीय महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इसमें श्रद्धालु वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आहुतियां अर्पित कर देश की सुख-समृद्धि और मानव कल्याण की कामना की जाएगी। आयोजन का मुख्य उद्देश्य धार्मिक और आध्यात्मिक गतिविधियों के माध्यम से समाज में शांति, सद्भाव और एकता की भावना को बढ़ावा देना है।

बच्चों को सनातन संस्कृति से जोड़ने का प्रयासःअजय प्रकाश

महर्षि महेश योगी संस्थान के अध्यक्ष अजय प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि भारत उत्कर्ष महायज्ञ के माध्यम से नई पीढ़ी को सनातन संस्कृति, वैदिक परंपराओं और भारतीय सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने की कोशिश कर रहा है। आयोजन में बच्चों को धार्मिक अनुष्ठानों और भारतीय परंपराओं के महत्व के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी जाएगी। महायज्ञ के साथ कथा और अन्य आध्यात्मिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। वृंदावन की कथावाचक देवी कृष्ण प्रिया श्रद्धालुओं को कथा सुनाएंगी।

लोक संस्कृति और पारंपरिक कलाओं का दिखेगा संगम

महायज्ञ के दौरान उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों की लोक कलाओं और सांस्कृतिक परंपराओं की झलक भी देखने को मिलेगी। मथुरा का नगाड़ा वादक दल, बांदा का बुंदेली दीवारी पाई डंडा लोकनृत्य दल और अयोध्या का फरवाही लोकनृत्य दल अपनी प्रस्तुतियां देगा। इसके अलावा झांसी का तमूरा लोक कलाकार दल और हमीरपुर के कलाकार भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।