गुरुकुल विद्यापीठ में छात्राओं को लगा एचपीवी टीका, सर्वाइकल कैंसर से बचाव की पहल तेज
खेकड़ा कस्बे के गुरुकुल विद्यापीठ में सोमवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीनेशन अभियान चलाया गया। अभियान के तहत 14 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं ने उत्साह के साथ टीका लगवाया।
गुरुकुल विद्यापीठ में छात्राओं को लगा एचपीवी टीका, सर्वाइकल कैंसर से बचाव की पहल तेज
- स्वास्थ्य विभाग ने 14 वर्ष की बालिकाओं को निशुल्क लगाई वैक्सीन
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
कस्बे के गुरुकुल विद्यापीठ में सोमवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीनेशन अभियान चलाया गया। अभियान के तहत 14 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं ने उत्साह के साथ टीका लगवाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सीएचसी अधीक्षक डॉ. ताहिर ने किया। उन्होंने बताया कि एचपीवी वैक्सीन भविष्य में गर्भाशय मुख कैंसर से सुरक्षा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि यह महंगी वैक्सीन स्वास्थ्य विभाग द्वारा पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि अधिक से अधिक बालिकाएं इसका लाभ उठा सकें। डॉ. ताहिर ने कहा कि “सुरक्षा चक्र” के रूप में यह टीकाकरण बालिकाओं के स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। विद्यालय की छात्राओं ने बिना किसी झिझक के उत्साहपूर्वक वैक्सीन लगवाई, वहीं अभिभावकों ने भी स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना की। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक मुकेश गुप्ता, प्रधानाचार्या प्रभा सिंघल, आरबीएसके टीम की डॉ. दीप्ति चौधरी, एएनएम पुष्पा पटेल, सविता सिंह, पंकज जोशी सहित स्वास्थ्य विभाग और विद्यालय स्टाफ के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

