गौतमबुद्ध नगर में 310 लोगों को मिला निशुल्क इलाज
सड़क हादसों में घायलों के लिए मददगार बन रही पीएम राहत योजना
तेजस न्यूज संवाददाता
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में अब तक सड़क हादसों में घायल 310 लोगों को पीएम राहत योजना के तहत निशुल्क उपचार का लाभ प्राप्त हुआ है। योजना के तहत घायलों पर बढ़ने वाले आर्थिक बोझ से बचाया जा सका है। यह जानकारी नोएडा के सेक्टर 33 स्थित उपसहायक संभागीय परिवहन विभाग के कार्यालय से दी गई।

उपसहायक संभागीय परिवहन विभाग के कार्यालय से नोएडा और ग्रेटर नोएडा के कुल 43 अस्पतालों का चयन किया गया है। पुलिस की तरफ से स्वीकृत मामलों के आधार पर लाभार्थियों का यह आकंड़ा तैयार किया गया है। इस योजना के तहत कुल 310 लोगों को लाभ प्राप्त हुआ है। जिसमें 305 घायलों का इलाज नोएडा और ग्रेटर नोएडा के विभिन्न अस्पतालों में कराया गया है। जबकि पांच घायलों को दूसरे जिलों के अस्पतालों में भर्ती कराकर उपचार कराया गया। ग्रेटर नोएडा स्थित जिम्स अस्पताल में सबसे ज्यादा 204 घायलों का उपचार किया गया। इसके बाद शारदा अस्पताल में 75 और शारदा केयर हेल्थसिटी में 22 घायलों का इलाज किया गया। वहीं, न्यू जेवर अस्पताल ट्रॉमा सेंटर में दो और श्री राम सिंह मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल और एसजेएम सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में एक-एक घायल का इलाज किया गया।

दूसरे जिलों के अस्पतालों में भी मिला उपचार
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में दुर्घटना होने के बाद पांच घायलों को दूसरे जिलों के अस्पतालों में इलाज उपलब्ध कराया गया। इसमें दो घायलों का इलाज गाजियाबाद के संतोष मेडिकल कॉलेज अस्पताल में किया गया। वहीं, गाजियाबाद के नवीन अस्पताल, बरेली के श्रीराम मूर्ति स्मारक इंस्टीट्यूट और मुरादाबाद के टीएमएचआरसी में एक-एक घायल को उपचार प्राप्त हुआ।
सात दिन तक 1.5 लाख रुपये तक कैशलेश इलाज
एआरटीओ प्रवर्तन डॉ. उदित नारायण पांडेय ने बताया कि पीएम राहत योजना के तहत मोटर वाहन दुर्घटना में घायल व्यक्ति को दुर्घटना की तारीख से अधिकतम सात दिनों तक 1.5 लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जाता है।