क्रिकेट के मैदान पर छिना पुलिस की वर्दी का सपना

बड़ौत क्षेत्र के बावली गांव में क्रिकेट मैच के दौरान हुआ मामूली विवाद एक परिवार की जिंदगी पर ऐसा कहर बनकर टूटा कि यूपी पुलिस की वर्दी पहनने का सपना हमेशा के लिए दफन हो गया। बीए छात्र राशिद, जो आगामी 8 जून को होने वाली यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाला था, दिल्ली के अस्पताल में जिंदगी की जंग हार गया।

क्रिकेट के मैदान पर छिना पुलिस की वर्दी का सपना

क्रिकेट के मैदान पर छिना पुलिस की वर्दी का सपना
- यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा से दो दिन पहले बीए छात्र राशिद की मौत
बागपत, तेजस न्यूज रिपोर्टर
बड़ौत क्षेत्र के बावली गांव में क्रिकेट मैच के दौरान हुआ मामूली विवाद एक परिवार की जिंदगी पर ऐसा कहर बनकर टूटा कि यूपी पुलिस की वर्दी पहनने का सपना हमेशा के लिए दफन हो गया। बीए छात्र राशिद, जो आगामी 8 जून को होने वाली यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाला था, दिल्ली के अस्पताल में जिंदगी की जंग हार गया।
परिजनों के मुताबिक शुक्रवार को पड़ोस में रहने वाले सुहैल और साहिल राशिद को क्रिकेट खेलने के लिए घर से बुलाकर ले गए थे। पत्नी नवाल ने उसे जाने से रोका भी, लेकिन राशिद ने कहा था कि वह “सिर्फ दस मिनट में लौट आएगा।” किसी को अंदाजा नहीं था कि यह उसका आखिरी जाना होगा। बावली गांव स्थित सर्वाेदय पब्लिक स्कूल के मैदान पर मैच के दौरान अधूरा रन लेने को लेकर राशिद और सुहैल के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद हिंसक झगड़े में बदल गया। आरोप है कि सुहैल और साहिल ने क्रिकेट बैट से राशिद के सिर और घुटनों पर ताबड़तोड़ वार किए और उसे गंभीर हालत में मैदान में छोड़कर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल राशिद को पहले बड़ौत, फिर सोनीपत और बाद में दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही पूरे परिवार में कोहराम मच गया। ढाई साल पहले हुई शादी के बाद राशिद अपने परिवार का सबसे बड़ा सहारा बन चुका था। उसका डेढ़ साल का बेटा हुसैन अब पिता के साए से महरूम हो गया है। बेसुध पत्नी नवाल बार-बार यही कह रही है कि “मेरे बेटे से उसके पिता को छीन लिया गया।” उसने आरोपियों के लिए फांसी की सजा की मांग की है। मजदूरी कर परिवार पालने वाले पिता शकूर की आंखों में बेटे को पुलिस की वर्दी में देखने का सपना था। परिवार को उम्मीद थी कि राशिद की नौकरी से घर की आर्थिक हालत सुधरेगी, लेकिन भर्ती परीक्षा से ठीक पहले आई इस मौत ने परिवार की उम्मीदों को हमेशा के लिए तोड़ दिया। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना के बाद आरोपी पक्ष के घरों पर ताले लटके मिले हैं। पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और आरोपियों की तलाश जारी है। पूरे बावली गांव में इस घटना के बाद मातम और गुस्से का माहौल है।