गला दबाकर हत्या के प्रयास का मुकदमा फर्जी बताया, एसपी से निष्पक्ष जांच की मांग
खेकड़ा क्षेत्र की एक विवाहिता द्वारा पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ दर्ज कराए गए गला दबाकर हत्या के प्रयास के मुकदमे को उसके परिजनों ने फर्जी बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। सोमवार शाम परिजनों और मोहल्ले के लोगों ने पुलिस अधीक्षक सूरज राय के कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और ज्ञापन सौंपा।
गला दबाकर हत्या के प्रयास का मुकदमा फर्जी बताया, एसपी से निष्पक्ष जांच की मांग
- विवाहिता के परिजनों ने पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाकर सौंपा ज्ञापन
बागपत, तेजस न्यूज रिपोर्टर
खेकड़ा क्षेत्र की एक विवाहिता द्वारा पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ दर्ज कराए गए गला दबाकर हत्या के प्रयास के मुकदमे को उसके परिजनों ने फर्जी बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। सोमवार शाम परिजनों और मोहल्ले के लोगों ने पुलिस अधीक्षक सूरज राय के कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और ज्ञापन सौंपा।
परिजनों का आरोप है कि विवाहिता और उसके पति के बीच पारिवारिक विवाद से जुड़े कई मुकदमे न्यायालय में विचाराधीन हैं। भरण-पोषण से संबंधित मामला भी उच्च न्यायालय प्रयागराज में लंबित है। आरोप लगाया कि इसी विवाद के चलते विवाहिता ने गलत तथ्यों और फर्जी मेडिकल के आधार पर पति प्रदीप और उसकी मां कृष्णा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि विवाहिता का भाई उत्तर प्रदेश पुलिस में दरोगा के पद पर तैनात है और उसके प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए पुलिस पर दबाव बनाकर कार्रवाई कराई गई। उनका कहना है कि विवाहिता और उसके भाई की ओर से पहले भी पति और उसकी मां के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराने के प्रयास किए जा चुके हैं। इन मामलों में भी न्यायालय में कार्रवाई चल रही है। सोमवार शाम कृष्णा, चांदबीर, बीरपाल समेत अन्य परिजन और मोहल्ले के लोग एसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन कर मामले की निष्पक्ष जांच कराने, मेडिकल और मुकदमे में लगाए गए आरोपों की सत्यता की जांच करने तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। परिजनों ने एसपी से मांग की कि मामले की जांच किसी निष्पक्ष अधिकारी से कराई जाए, ताकि पारिवारिक विवाद में किसी निर्दोष के खिलाफ कार्रवाई न हो।