विधायक खेल प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, विजेता सम्मानित
मवीकलां के किसान इंटर कॉलेज में शुक्रवार को विधायक खेल प्रतियोगिता के तहत बागपत विधानसभा स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न गांवों से पहुंचे खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। अलग-अलग खेल स्पर्धाओं में विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
विधायक खेल प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, विजेता सम्मानित
- मवीकलां के किसान इंटर कॉलेज में हुई बागपत विधानसभा स्तरीय प्रतियोगिताएं, कबड्डी से लेकर बैडमिंटन तक खिलाड़ियों ने दिखाया हुनर
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
मवीकलां के किसान इंटर कॉलेज में शुक्रवार को विधायक खेल प्रतियोगिता के तहत बागपत विधानसभा स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न गांवों से पहुंचे खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। अलग-अलग खेल स्पर्धाओं में विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल बागपत के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक योगेश धामा ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका हौसला बढ़ाया। विधायक ने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता बढ़ाने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके जरिए युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का भी विकास होता है। प्रतियोगिता में कबड्डी, कुश्ती, वॉलीबॉल, भारोत्तोलन, फुटबॉल, जूडो, बैडमिंटन और एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेलों की स्पर्धाएं आयोजित हुईं। सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग के खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। कबड्डी के जूनियर वर्ग में कलेक्ट्रेट, सब-जूनियर में फखरपुर और सीनियर वर्ग में मवीकलां की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वॉलीबॉल के जूनियर वर्ग में बालैनी की टीम विजेता रही। बैडमिंटन के सब-जूनियर बालिका वर्ग में आरजू और सीनियर बालिका वर्ग में दिव्या प्रथम व साक्षी द्वितीय स्थान पर रहीं। बालक सब-जूनियर वर्ग में साकिब प्रथम और आरव पंवार द्वितीय रहे, जबकि जूनियर वर्ग में दीपांशु चौधरी ने प्रथम और हर्षित ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम का संचालन सुषमा त्यागी ने किया। इस दौरान जिला युवा कल्याण अधिकारी पुनीत बालियान, ग्राम प्रधान दीपक कुमार, सचिन आर्य, सोनू कुमार सहित बंदपुर, सुन्हैड़ा आदि गांवों के प्रधान मौजूद रहे।